कर्नाटक: दलित व्यक्ति का किया गया जबरन धर्मांतरण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Sep 2022 06:54 PM
कर्नाटक: दलित व्यक्ति का किया गया जबरन धर्मांतरण
ऑडियो सुनें

हुबली. हुबली में एक दलित व्यक्ति को कथित रूप से जबरन धर्मांतरण करा कर उसे इस्लाम अपनाने पर मजबूर किया गया . इसके साथ ही उसका खतना कर दिया गया और उसे उसकी इच्छा के विरूद्ध उसे ‘बीफ’ खाने के लिये बाध्य किया गया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने मामले में श्रीधर गंगाधर (26) की शिकायत के आधार पर कहा कि उसने 12 लोगों के विरूद्ध शिकायत दर्ज करायी है हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुयी है .

प्रदेश के मांड्या निवासी गंगाधर ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका नाम भी बदलकर मोहम्मद सलमान कर दिया गया. उसके अनुसार मई में वह मांड्या के मड्डूर तालुक के कोप्पा के अत्तावर रहमान के संपर्क में आया. पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि रहमान उसे बेंगलुरु में कथित रूप से बनाशंकरी मस्जिद ले गया और वहां अजीज साब नामक एक अन्य आरोपी उसे इस्लाम की पाठ पढ़ाने लगा.

पुलिस ने कहा कि बेंगलुरु में उसे कई मस्जिदों में ले जाया गया और बाद में उसका खतना कर दिया गया और उसे ‘बीफ’ खाने को बाध्य किया गया. शिकायत के अनुसार जब गंगाधर ने बीफ खाने से मना किया तब उसके साथ मारपीट की गयी . पुलिस के मुताबिक आरोपी उसे तिरुपति और उसके असपास की मस्जिदों में भी ले गये जहां उन्होंने उसे कुरान सीखने और इस्लामिक तरीके से नमाज पढ़ने का तौर तरीका बतलाया.

पुलिस का कहना है कि एक दिन आरोपियों ने उसे कम से कम तीन हिंदुओं को मुसलमान बनाने का लक्ष्य दिया, उन्होंने उन्हें पिस्तौल दिया और उसका फोटो खींच लिया. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने तीन हिंदुओं का धर्मातरण नहीं किया तो वे यह फोटो पुलिस को दे देंगे और उसे फंसा देंगे. पुलिस के अनुसार हुबली लौटने पर गंगाधर ने नौ सितंबर को शिकायत दर्ज करायी. पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है और शिकायत में किये गये दावों का सत्यापन करने की कोशिश की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu