बांके बिहारी मंदिर के आसपास कॉरिडोर निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन में वृद्धि होगी : हेमा मालिनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jan 2023 07:02 PM
ऑडियो सुनें

मथुरा. मथुरा संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद हेमा मालिनी ने रविवार को कहा कि ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के आसपास सरकार द्वारा प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण के बाद यहां धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और कारोबार में भी तेजी आएगी.

वृंदावन स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में हेमा मालिनी ने वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध ठा. बांकेबिहारी मंदिर के आसपास सरकार द्वारा प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं सेवायत गोस्वामी समाज के लोगों द्वारा उठाई जा रही आपत्तियों एवं अन्य तमाम आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि इससे किसी भी वर्ग को कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि मंदिर के आसपास कॉरिडोर निर्माण के बाद यहां धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे व्यवसाय में भी बढ़ोतरी होगी.

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ठा. बांकेबिहारी मंदिर में आधी रात के बाद वर्ष में केवल एक बार होने वाली मंगला आरती के समय उमड़ी भीड़ के चलते दो व्यक्तियों की दम घुटने से मृत्यु हो जाने के बाद सरकार भीड़ की रोकथाम एवं सरलता से दर्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाने के लिए मंदिर के आसपास पांच एकड़ के दायरे में कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रही है. कॉरिडोर के लिए पिछले पखवाड़े सर्वे कराया गया है, जिसके बाद तकरीबन चार सौ मकान, दुकान आदि भवनों को तोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन के सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन की आठ सदस्यीय टीम ने इसके लिए सभी चयनित भवनों पर चिन्हांकन का कार्य भी पूरा कर लिया है.

इसके बाद स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों का धरना प्रदर्शन एवं विरोध का सिलसिला प्रारम्भ हो गया है. इसी संबंध में किये गये सवाल के जवाब में भाजपा सांसद ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण के दौरान मंदिर के सेवायत गोस्वामी, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों आदि सभी लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा.

उन्होंने कहा कि जैसा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि कॉरिडोर के निर्माण से यहां की प्राचीनता और प्राकृतिक सुंदरता को नुकसान होने जा रहा है, यह पूरी तरह से गलत है; इससे न तो प्राचीनता को नुकसान होगा और न ही प्राकृतिक सुंदरता से छेड़छाड़ होगी. उन्होंने कहा कि कॉरिडोर का निर्माण उच्च न्यायालय के निर्देशन में होने जा रहा है, इसलिए इस प्रकार की खामियों की गुंजाइश न के बराबर है. हेमा मालिनी ने कहा कि कॉरिडोर बनने से हर व्यवस्था सुचारू तरीके से संचालित होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu