राजनाथ का कटाक्ष: मुझे लगा था राहुल ‘भारत जोड़ने’ के लिए कराची या लाहौर जा सकते हैं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Mar 2023 08:49 PM
राजनाथ का कटाक्ष: मुझे लगा था राहुल ‘भारत जोड़ने’ के लिए कराची या लाहौर जा सकते हैं
ऑडियो सुनें

नंदनगढ़. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर सशस्त्र बलों की वीरता पर सवाल उठाने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया और कहा कि इसकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उद्देश्य अपने नेता राहुल गांधी को ‘लॉन्च’ करना था. सिंह ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने सोचा था कि गांधी इस यात्रा के तहत कराची या लाहौर भी जा सकते हैं.

भाजपा की ‘विजय संकल्प यात्रा’ के दूसरे चरण की यहां शुरुआत करते हुए उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कर्नाटक में मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में पार्टी को दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने के लिए समर्थन दें. सिंह ने कहा, ‘‘क्या आप युवा कांग्रेस नेता के बारे में जानते हैं, उन्हें अभी ‘लॉन्च’ किया जा रहा है और इसके लिए उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी. वर्ष 1947 में बंटवारे के दौरान भारत का विभाजन हो गया था, इसलिए मैंने सोचा था कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे राहुल गांधी, कराची या लाहौर जा सकते हैं, लेकिन वह वहां नहीं गए.’’ यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा कि जब पूरा भारत एकजुट है तो गांधी ने किसे जोड़ने की कोशिश की.

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को मूर्ख बनाकर राजनीति अधिक समय तक नहीं की जा सकती, जो लोग विश्वास के साथ राजनीति करते हैं और जनता से आंखें मिलाकर बात करते हैं, वही सफल हो सकते हैं और जो लोग भाजपा में हैं, वही ऐसा कर सकते हैं.’’ उन्होंने कांग्रेस पर ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ वाला नारा लगाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘‘वे (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी की कब्र नहीं खोद रहे हैं, बल्कि इस तरह के नारों से अपनी कब्र खोद रहे हैं. हमारे कांग्रेसी मित्र भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जितना कीचड़ उछालेंगे, हमारा कमल उतना ही खिलेगा.’’

कांग्रेस पर रक्षा बलों के साहस और वीरता पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूछा, ‘‘इन्हें क्या हो गया?….रक्षा मंत्री के रूप में मैं कहना चाहता हूं कि हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व है.’’ इससे पहले, सिंह दिन में यहां संगोली रायण्णा के स्मारक पर गए और उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद उन्होंने यात्रा की शुरुआत की.

रक्षा मंत्री ने लोगों से आ’’ान किया कि वे राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लें और इस बार दो-तिहाई बहुमत से ‘‘नया कर्नाटक’’ बनाने का संकल्प लें. उन्होंने विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते कद और केंद्र में मौजूदा भाजपा सरकार के तहत एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरने पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu