कर्नाटक : टीपू सुल्तान को ‘‘मारने वालों’’ पर फिल्म बनाने की योजना

बेंगलुरू/मांड्या. कर्नाटक के बागवानी मंत्री मुनीरत्न वोक्कलिगा समुदाय के दो दिग्गजों उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा पर फिल्म बनाने का विचार कर रहे हैं. समाज के एक वर्ग के लोगों का और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का मानना है कि पूर्ववर्ती मैसुरू के शासक टीपू सुल्तान की मौत उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा के हाथों हुई थी.

कर्नाटक के बागवानी मंत्री मुनीरत्न फिल्म निर्माता थे और उनका एक फिल्म स्टूडियो भी है. बाद में मुनीरत्न राजनीति में आ गए.
फिल्म उद्योग के सूत्रों ने बताया कि मुनीरत्न के स्टूडियो ‘‘वृषभाद्रि प्रोडक्शन्स’’ ने कर्नाटक फिल्म चैम्बर्स आॅफ कॉमर्स’’ में फिल्म ‘‘उरी गौड़ा नन्जे गौड़ा’’ के पंजीयन के लिए आवेदन दिया है. कर्नाटक में मई माह में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे देखते हुए इस फिल्म के निर्माण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पुराने मैसुरू क्षेत्र के कुछ लोगों का दावा है कि टीपू की जान अंग्रेजी फौज से लड़ते हुए नहीं गई थी, बल्कि वोक्कलिगा समुदाय के दो व्यक्तियों ने टीपू को मार डाला था. उनके इस दावे पर कुछ इतिहासकार सवाल उठाते हैं. कांग्रेस और जनता दल (एस) का कहना है कि उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा का कोई अस्तित्व ही नहीं था और ये दोनों शायद काल्पनिक किरदार हो सकते हैं, लेकिन ‘‘ओल्ड मैसूरु’’ में अच्छी खासी आबादी वाले वोक्कलिगा समुदाय में चुनाव से पहले अपनी पकड़ बनाने के लिए प्रयासरत भाजपा उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा का ‘‘इस्तेमाल’’ करने का प्रयास करती प्रतीत हो रही है.

भाजपा उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा का इस्तेमाल टीपू को निशाना बनाने के लिए कर रही है और कांगेस तथा जद(एस) पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाती है. जद(एस) नेता एच डी कुमारस्वामी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह टीपू सुल्तान के दो काल्पनिक किरदारों के हाथों मारे जाने की बात कह कर वोक्कलिगा समुदाय के लोगों को गुमराह कर रही है. उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट के जरिये यह भी आरोप लगाया कि समुदाय की छवि धूमिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि यह वोक्कलिगा समुदाय का अपमान करने और उसे राजनीतिक रूप से समाप्त करने के भाजपा के ‘‘गुप्त एजेंडे’’ का हिस्सा है. वोक्कलिगा समुदाय जद(एस) का बड़ा वोटबैंक है. बहरहाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा वास्तव में थे और इतिहास में उनके बारे में संदर्भ मिलते हैं. उन्होंने दावा किया कि उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा ने मैसूरू के तत्कालीन महाराजा के परिवार की रक्षा करने के लिए टीपू से लड़ाई लड़ी थी और उनकी रक्षा की थी. उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस और जद(एस) को किस बात की ंिचता है.

टीपू सुल्तान विवाद: वोक्कालिगा समुदाय के संत ने समझाया, नहीं बनेगी फिल्म

वोक्कालिगा समुदाय के सरदारों उरी गौड़ा और नांजे गौड़ा को लेकर उठे विवाद के बीच समुदाय के एक प्रमुख संत ने इस संबंध में ऐतिहासिक साक्ष्यों की कमी का हवाला देते हुए सोमवार को इस मुद्दे को समाप्त करने की अपील की. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेता समेत एक वर्ग का दावा है कि इन दोनों वोक्कालिगा सरदारों ने पूर्ववर्ती मैसुरू के शासक टीपू सुल्तान की हत्या की थी.

वोक्कालिगा समुदाय से जुड़े श्री आदि चुनचुनगिरि महासंस्थान मठ के प्रमुख संत निर्मलानंदनाथ महास्वामीजी ने किसी निर्णय पर पहुंचने से पहले दोनों के बारे में सूचनाएं, ऐतिहासिक रिकॉर्ड एकत्रित करने की जरूरत बताई है. उन्होंने सोमवार को फिल्म निर्माता और राज्य के मंत्री मुनिरत्न को उरी गौड़ा और नांजे गौड़ा पर कोई फिल्म नहीं बनाने को कहा. मुनिरत्न के स्टूडियो ने उन पर एक फिल्म बनाने की योजना बनाई थी. हालांकि, अब उन्होंने निर्मलानंदनाथ महास्वामीजी के निर्देश का पालन किया है.

पुराने मैसुरू क्षेत्र में एक वर्ग दावा करता है कि टीपू सुल्तान अंग्रेजों से लड़ते हुए नहीं मारे गये थे, बल्कि दो वोक्कालिगा सरदारों ने उन्हें मार दिया था. कुछ इतिहासकारों ने इस दावे का खंडन किया है. स्वामीजी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को लेकर स्पष्टीकरण नहीं हो, तो समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले दो लोगों पर फिल्म बनाना ठीक नहीं है. मैंने उन्हें (मुनिरत्न को) भी बताया है कि यह सही क्यों नहीं है.

चीजों को समझने के बाद उन्होंने कहा है कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह इस दिशा में कोई प्रयास नहीं करेंगे, न केवल अभी बल्कि भविष्य में भी.’’ उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि और मंत्रियों अश्वथ नारायण तथा गोपालैया समेत वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भाजपा नेताओं को ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और तथ्यों के बारे मे बताया गया है और उम्मीद है कि वे इस मुद्दे पर चुप रहेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button