केकेआर ने जेसन रॉय को 2.8 करोड़ रूपये में टीम से जोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Apr 2023 09:29 PM
केकेआर ने जेसन रॉय को 2.8 करोड़ रूपये में टीम से जोड़ा
ऑडियो सुनें

कोलकाता. कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट और बांग्लादेश के आल राउंडर शाकिब अल हसन के हटने के बाद टीम को मजबूती देने के लिए इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय को शामिल किया है. रॉय हालांकि गुरूवार को केकेआर के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ घरेलू इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में नहीं खेल पायेंगे लेकिन वह नौ अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ होने वाले टीम के अगले मैच के लिए चयन के लिये उपलब्ध होंगे.

रॉय के अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज की जगह लेने की संभावना है जिन्होंने टीम के लिए पंजाब ंिकग्स के खिलाफ मैच में पारी का आगाज करते हुए 16 गेंद में 22 रन जुटाये थे. दो बार की आईपीएल चैम्पियन को अय्यर के पीठ की चोट के कारण पूरे सत्र के लिए बाहर होने से करारा झटका लगा था जबकि शाकिब ने व्यक्तिगत और राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का हवाला देकर हटने का फैसला किया.

केकेआर ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘कोलकाता नाइट राइडर्स ने टाटा आईपीएल 2023 के लिए इंग्लैंड के जेसन रॉय से 2.8 करोड़ रूपये में करार किया है जिनका ‘बेस प्राइस’ 1.5 करोड़ रूपये है. ’’ रॉय आईपीएल के 2017 चरण में पहली बार इस टी20 लीग में गुजरात लायंस के लिए और अंतिम बार सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2021 सत्र में खेले थे. रॉय ने 2021 में पांच मैच खेले थे जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक सहित 150 रन बनाये थे. इंग्लैंड के लिए यह 32 साल का खिलाड़ी 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 1,522 रन जुटा चुका है जिसमें आठ अर्धशतक शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu