फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में गायक समर सिंह गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Apr 2023 07:47 PM
फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में गायक समर सिंह गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश पुलिस ने भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर मजबूर करने को लेकर गायक समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. करीब एक पखवाड़ा पहले वाराणसी के सारनाथ इलाके में स्थित एक होटल में अभिनेत्री के मृत पाए जाने के बाद समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ ‘लुकआउट’ नोटिस जारी किया गया था. अभिनेत्री की मां की शिकायत पर दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने/मजबूर करने) के तहत मामला दर्ज किया गया था.

समर गाजियाबाद में नंदग्राम थाना क्षेत्र के राज नगर एक्सटेंशन इलाके में एक हाउंिसग सोसाइटी में छिपा हुआ था. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और वाराणसी के उनके समकक्षों ने एक संयुक्त अभियान के तहत बृहस्पतिवार रात समर को गिरफ्तार किया.

पुलिस उपायुक्त (गाजियाबाद शहर) निपुण अग्रवाल ने कहा, ‘‘वाराणसी आयुक्तालय के सारनाथ थाने का एक दल बृहस्पतिवार देर रात गाजियाबाद पहुंचा. उन्होंने समर सिंह को चार्म्स कैसल (हाउंिसग) सोसायटी से पकड़ने में गाजियाबाद पुलिस की मदद मांगी.’’ पुलिस उपायुक्त ने शुक्रवार सुबह कहा,‘‘आरोपी को गाजियाबाद अदालत में पेश किया जा रहा है. वाराणसी पुलिस ने उसकी ट्रांजिट रिमांड का अनुरोध किया है.’’ बाद में, दोपहर में गाजियाबाद की एक अदालत ने वाराणसी पुलिस को समर की 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दे दी. वाराणसी पुलिस की टीम समर को अपने साथ वाराणसी ले गयी.

अग्रवाल ने कहा कि गाजियाबाद आने से पहले समर नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड में छिपा हुआ था. पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात समर सिंह समेत चार लोगों को एक फ्लैट से हिरासत में लिया गया. उन्होंने बताया कि इन लोगों को पूछताछ के लिए स्थानीय नंदग्राम थाने लाया गया, जिसके बाद समर के अलावा शेष तीनों व्यक्तियों को छोड़ दिया गया.

गौरतलब है कि 25 वर्षीय भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे गत 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं. वह एक फंदे से लटकी मिली थीं. आकांक्षा भदोही जिला स्थित चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की रहने वाली थीं. वह एक फिल्म की शूंिटग के लिए वाराणसी गयी थी और वहां एक होटल में ठहरी हुई थीं.

अगले दिन, उनकी मां मधु दुबे ने वाराणसी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि समर और संजय ने तीन साल तक उनकी बेटी का उत्पीड़न किया. प्राथमिकी के अनुसार, आकांक्षा की मां ने आरोप लगाया था, ‘‘मेरी बेटी ने उनके उत्पीड़न के कारण अपनी जान गंवा दी.’’ आकांक्षा दुबे/उनकी मां के वकील एस शेखर त्रिपाठी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाया है और कहा कि वह चिकित्सा विशेषज्ञों की सलाह ले रहे हैं, जिसके बाद वह पुलिस के लिए प्रश्ना तैयार करेंगे.

त्रिपाठी ने बुधवार को इस मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या सीबी-सीआईडी द्वारा जांच कराने की मांग की थी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में उन्होंने दावा किया है कि अभिनेत्री ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि होटल के कमरे में किसी ने उनकी हत्या कर दी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आकांक्षा की मां की इस मांग के बावजूद शव का ‘जबरन अंतिम संस्कार’ करा दिया गया कि अंत्येष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu