‘टाइम मैगजीन’ की वार्षिक ‘टाइम 100’ सूची में शीर्ष स्थान पर शाहरुख खान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Apr 2023 08:15 PM
‘टाइम मैगजीन’ की वार्षिक ‘टाइम 100’ सूची में शीर्ष स्थान पर शाहरुख खान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सुपरस्टार शाहरुख खान ने ‘टाइम मैगजीन’ की वार्षिक ‘टाइम 100’ सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है. पाठकों द्वारा किए गए वोट के आधार पर यह सूची तैयार की जाती है. अमेरिकी प्रकाशन के अनुसार, इस साल 12 लाख से अधिक लोगों ने वोट किया, जिसमें से चार प्रतिशत मत शाहरुख खान को मिले. खान (57) की जनवरी में रिलीज हुई फिल्म ‘पठान’ ने देश और विदेश में 1000 करोड़ रूपये से अधिक की कमाई की थी, जिसे बड़े पर्दे पर उनकी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है.

इस सूची में तीन प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर ईरान की वे महिलाएं हैं, जो इस्लाम शासित देश में अपनी आजादी के लिए आवाज उठा रही हैं. ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्कल 1.9 प्रतिशत वोट के साथ क्रमश: तीसरे तथा चौथे स्थान पर हैं. अर्जेंटीना को पिछले साल कतर में फुटबॉल विश्व कप में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले फुटबॉलर मेसी 1.8 प्रतिशत वोट के साथ सूची में पांचवें स्थान पर हैं.

ऑस्कर विजेता मिशेल योह, पूर्व टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स, मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा भी सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे. पत्रिका के अनुसार, उनके संपादक 13 अप्रैल को उनकी पसंद के ‘टाइम100’ 2023 की सूची जारी करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu