माता कौशल्या महोत्सव के दूसरे दिन क्लासिकल सिंगर मैथिली ठाकुर के गीतों से गूंजेगा चंदखुरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Apr 2023 11:46 AM
माता कौशल्या महोत्सव के दूसरे दिन क्लासिकल सिंगर मैथिली ठाकुर के गीतों से गूंजेगा चंदखुरी
ऑडियो सुनें

रायपुर. माता कौशल्या महोत्सव का आगाज शनिवार को हो चुका है। महोत्सव के दूसरे दिन चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में देश की मशहूर क्लासिकल सिंगर मैथिली ठाकुर अपने भक्तिमय गीत-संगीत और भजनों की प्रस्तुति देंगी। मूलतः बिहार की रहने वाली मैथिली ठाकुर ने देश के युवा वर्ग में अपने गीत-संगीत से एक अलग पहचान बनायी है और पूरा देश उनके गीत-संगीत का कायल है।

महोत्सव के दूसरे दिन मुंबई की मशहूर गायिका कविता पौडवाल के भक्तिमय भजनों की भी प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही वाराणसी से आए व्योमेश शुक्ल द्वारा श्री राम की शक्ति पूजा की प्रस्तुति महोत्सव के मंच से की जाएगी। इन दोनों कलाकारों की प्रस्तुति महोत्सव के पहले दिन होनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से इनकी प्रस्तुति आज महोत्सव के दूसरे दिन होगी।

महोत्सव के दूसरे दिन दर्शक मुंबई से आई रमिंदर खुराना के भक्तिमय शास्त्रीय नृत्य-वाटिका की प्रस्तुति का भी आनंद ले सकेंगे। छत्तीसगढ भिलाई के रहने वाले प्रभंजय चतुर्वेदी भी अपने भक्तिमय गीत-संगीत व भजनों को महोत्सव के दूसरे दिन दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेंगे।

माता कौशल्या महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, अध्यक्ष के रूप में संस्कृति मंत्री  अमरजीत भगत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे तथा नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया उपस्थित रहेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu