मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ध्यान भटकाने के लिए ‘तमंचे’ की बात कर रहे हैं: अखिलेश

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्­यक्ष अखिलेश यादव ने उत्­तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि शिक्षा और स्­वास्­थ्­य समेत विभिन्न बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रहने के कारण मुख्­यमंत्री जनता का ध्­यान भटकाने के लिये ‘तमंचे’ की बात कर रहे हैं. उन्नाव में नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के लिये आयोजित एक जनसभा में मुख्यमंत्री योगी द्वारा दिये गये एक बयान के बारे में पूछे जाने पर यादव ने यह आरोप लगाया.

मुख्­यमंत्री योगी ने मंगलवार को उन्­नाव में एक चुनावी रैली में सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आने से पहले प्रदेश में एक पार्टी विशेष से जुड़े लोगों के हाथों में ‘तमंचे’ होते थे लेकिन आज राज्य के नौजवानों के हाथों में टैबलेट है.

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गाजियाबाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्­यमंत्री शिक्षा नहीं दे पा रहे हैं, तो वह ‘तमंचे’ की बात करते हैं. स्­वास्­थ्­य सुविधाएं नहीं दे पा रहे हैं तो वह ‘तमंचे’ की बात करते हैं. वह क्­यों ऐसा बोल रहे हैं. वह इसलिये बोल रहे हैं क्योंकि अंग्रेजी में एक कहावत है कि ‘ओल्­ड हैबिट्स डाई हार्ड’ यानी पुरानी आदतें जल्­दी जाती नहीं हैं.’’ यादव गाजियाबाद से सपा की मेयर प्रत्­याशी पूनम यादव के घर गये थे.

उन्होंने राज्य के ज्­यादातर नगर निगमों में लंबे समय से काबिज भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा की नाकामी का परिणाम है कि शहर गंदे के गंदे हैं. समाजवादियों के काम हटा दो तो राजधानी लखनऊ में क्­या मिलेगा? मुझे याद है कि इसी शहर (गाजियाबाद) में नेताजी (मुलायम सिंह यादव) आये थे और सबसे पहले मेट्रो का शिलान्­यास किया था.’’ यादव ने कहा, ‘‘लेकिन अब साइकिल ट्रैक को देखिए, इनकी हालत खराब हो चुकी है. साइकिल चलाने वाले मजदूरों के लिए क्या सुविधा है?’’ नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान चार और 11 मई को होगा. मतगणना 13 मई को होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button