अनैतिक व सिनेमा-विरोधी फिल्मफेयर पुरस्कारों का हिस्सा नहीं बनूंगा : विवेक अग्निहोत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Apr 2023 08:14 PM
अनैतिक व सिनेमा-विरोधी फिल्मफेयर पुरस्कारों का हिस्सा नहीं बनूंगा : विवेक अग्निहोत्री
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह फिल्मफेयर की ओर से कोई पुरस्कार स्वीकार नहीं करेंगे. फिल्मफेयर पुरस्कारों में अग्निहोत्री की फिल्म ‘‘द कश्मीर फाइल्स’’ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत विभिन्न श्रेणियों में नामित किया गया है. अग्निहोत्री ने इस बात पर नाराजगी जताई कि फिल्मफेयर पुरस्कारों के 68वें संस्करण में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक से संबंधित नामांकन के पोस्टर में निर्देशकों के बजाय फिल्मों के कलाकारों की तस्वीरें लगी हैं.

सर्वेश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में अग्निहोत्री का मुकाबला संजय लीला भंसाली (‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’), अनीस बज्मी (‘‘भूल भुलैया 2’’), अयान मुखर्जी (‘‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन शिवा’’), सूरज बड़जात्या (‘‘ऊंचाई’’) और हर्षवर्धन कुलकर्णी (‘‘बधाई दो’’) से है. अग्निहोत्री ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि वह ‘‘इन अनैतिक एवं सिनेमा-विरोधी पुरस्कारों में शामिल होने से विनम्रतापूर्वक इनकार’’ करते हैं.

अग्निहोत्री ने कहा, ‘‘फिल्मफेयर के अनुसार, फिल्मों के मुख्य कलाकारों के अलावा किसी का चेहरा महत्व नहीं रखता. कोई मायने नहीं रखता. इसी वजह से फिल्मफेयर की चाटुकार और अनैतिक दुनिया में संजय लीला भंसाली या सूरज बड़जात्या जैसे शानदार निर्देशकों को जगह नहीं दी गई. संजय भंसाली की जगह आलिया भट्ट, सूरज की जगह अमिताभ बच्चन और अनीस बज्मी की जगह आर्यन.’’

अग्निहोत्री ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि किसी फिल्मकार का मान फिल्मफेयर पुरस्कारों से तय होता है, लेकिन इस अपमानजनक व्यवस्था को समाप्त होना चाहिए. इसलिए, बॉलीवुड के एक भ्रष्ट, अनैतिक और चाटुकार प्रतिष्ठान के खिलाफ विरोध और असहमति प्रकट करते हुए मैंने ऐसे पुरस्कारों को स्वीकार नहीं करने का फैसला किया है.’’ अभिनेता सलमान खान की मेजबानी में बृहस्पतिवार को यहां जियो विश्व सम्मेलन केंद्र में फिल्मफेयर पुरस्कार का आयोजन किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu