यूक्रेन में मिसाइल और ड्रोन हमले में 19 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Apr 2023 10:07 PM
यूक्रेन में मिसाइल और ड्रोन हमले में 19 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

उमान. रूस ने शुक्रवार को तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव तथा आसपास के क्षेत्रों में 20 से अधिक क्रूज मिसाइल और दो ड्रोन दागे, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई. इनमें से अधिकतर लोगों की जान मध्य यूक्रेन में एक आवासीय इमारत पर हुए दो मिसाइल हमलों में गई.

कीव शहर के प्रशासन के अनुसार, लगभग दो महीने में पहली बार राजधानी के चारों ओर हवाई हमलों को लेकर आगाह करने वाले ‘सायरन’ बजने लगे और यूक्रेन की वायु सेना ने कीव के ऊपर 11 क्रूज मिसाइल और दो ड्रोन को रोका. उमान शहर में नौ मंजिला आवासीय इमारत पर हमला किया गया, जो कीव से लगभग 215 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित है. राजधानी क्षेत्र के गवर्नर इहोर ताबुरेत्स के मुताबिक इस हमले में तीन बच्चों समेत 17 लोगों की मौत हो गई.

यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस के अनुसार, 17 लोग घायल हुए हैं और तीन बच्चों को मलबे से निकाला गया है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उन जगहों पर क्रूज मिसाइल दागी गईं जहां यूक्रेनी सैन्य रिजर्व इकाइयां युद्ध के मैदान में अपनी तैनाती से पहले ठहरी हुई थीं. रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल इगोर कोनाशेंकोव ने कहा, ‘‘हमले में लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा गया. सभी तयशुदा स्थानों को निशाना बनाया गया.’’ उन्होंने किसी खास क्षेत्र या आवासीय इमारतों को निशाना बनाए जाने का उल्लेख नहीं किया.

पूर्वी शहर निप्रो के गवर्नर सेरही लिसाक ने बताया कि शहर में एक हमले में 31 वर्षीय महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. चार अन्य लोग घायल हुए हैं. ये हमले ऐसे वक्त किए गए हैं जब कुछ दिन पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने और चीन के राष्ट्रपति शी चिनंिफग ने फोन पर ‘‘लंबी और सार्थक’’ बातचीत की. उनके मुताबिक, शी ने कहा कि उनकी सरकार यूक्रेन और अन्य देशों के लिए शांति दूत भेजेगी.

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा कि शुक्रवार के हमले दिखाते हैं कि रूस शांति समझौते में दिलचस्पी नहीं रखता. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मिसाइल हमले में दो वर्षीय बच्चे समेत निर्दोष लोग मारे गए. सभी शांति प्रयासों के लिए रूस का यह जवाब है.’’ कीव शहर के प्रशासन के अनुसार, कीव की विमान-रोधी प्रणाली सक्रिय हो गई थी. सुबह करीब चार बजे हमलों को लेकर आगाह करने वाले ‘सायरन’ बजने लगे. यह सब कुछ करीब दो घंटे तक चला. यूक्रेन की राजधानी में नौ मार्च के बाद पहली बार हमले किए गए. कीव में गिराए गए मिसाइल या ड्रोन से बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई. यूक्रेन के सैन्य बल के कमांडर-इन-चीफ वालेरी जालुजिनी के मुताबिक कैस्पियन सागर क्षेत्र में विमान से मिसाइल दागी गई. उन्होंने कहा कि यूक्रेन की प्रतिरक्षा प्रणाली ने 23 केएच-101 और केएच-555 क्रूज मिसाइल में से 21 को नष्ट कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu