गोवा के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा और सरकार बनाने का दावा पेश करेगी भाजपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 21 Mar 2022 11:36 AM
ऑडियो सुनें

पणजी. गोवा के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बने कौतुहल के सोमवार को समाप्त होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सोमवार को विधायक दल की बहुप्रतीक्षित बैठक करेगी और राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा भी पेश कर सकती है।

गोवा में हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में 40 सदस्यीय सदन में भाजपा ने 20 सीटें जीती और अब महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों तथा तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी उसे हासिल है। समझा जाता है कि विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।

भाजपा लगातार तीसरी बार गोवा में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा नेता एवं कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ही मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद नजर आ रहे हैं, हालांकि उन्हें विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। गोवा में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को बताया कि सावंत के अलावा, भाजपा विधायक एवं राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे और गोवा के रहने वाले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के नामों पर भी चर्चा हो रही है।

भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेट तानावडे ने रविवार को कहा था कि गोवा में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 23 से 25 मार्च के बीच होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

तानावडे ने कहा कि भाजपा के केन्द्रीय पर्यवेक्षक…. केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र ंिसह तोमर और एल मुरुगन पणजी स्थित पार्टी मुख्यालय में शाम चार बजे शुरू होने वाली महत्वपूर्ण, विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए सोमवार की दोपहर पणजी पहुंचेंगे।
सदन के नेता का चयन करने के बाद, जो अगला मुख्यमंत्री होगा, भाजपा नेता सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए शाम छह बजे राज्य के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई से मिलेंगे।

तोमर और मुरुगन के अलावा गोवा चुनाव के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस, डेस्क प्रभारी सी टी रवि और तानावडे भी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि गोवा के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा शाम पांच बजे की जा सकती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav