कर्नाटक में ‘ट्रबल इंजन’ भाजपा को मिलेंगी 40 सीटें: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 09:42 PM
कर्नाटक में ‘ट्रबल इंजन’ भाजपा को मिलेंगी 40 सीटें: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कर्नाटक की सत्तारूढ़ पार्टी को 40 की संख्या से बहुत लगाव है, इसलिए इस विधानसभा चुनाव में जनता उसे सिर्फ 40 सीटें ही देगी. राहुल गांधी ने कर्नाटक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दिए गए उस विज्ञापन का हवाला दिया जिसमें भाजपा सरकार में नौकरियों और तबादलों में घूस लेने का आरोप लगाते हुए एक ‘रेट कार्ड’ जारी किया गया है. यह विज्ञापन आज कर्नाटक के सभी प्रमुख अखबारों में छपा है.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा की 40 प्रतिशत कमीशन सरकार का ‘रेट कार्ड’. ‘ट्रबल इंजन’ भाजपा को 40 की संख्या से बहुत लगाव है. ऐसे में कर्नाटक की जनता उसे सिर्फ 40 सीटें ही देगी.’’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘रेट कार्ड’ के विज्ञापन को साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ये दरें हैं जिनके आधार पर भाजपा ने कर्नाटक में शासन को बेच दिया. यह भाजपा है जिसका डबल इंजन ‘डेल्ही झूठ’ और ‘बेंगलुरु लूट’ है.’’ कर्नाटक में सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए आगामी 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu