एशिया कप के आयोजन स्थल पर फैसला IPL फाइनल के बाद: BCCI सचिव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 May 2023 08:48 PM
एशिया कप के आयोजन स्थल पर फैसला IPL फाइनल के बाद: BCCI सचिव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने गुरुवार को कहा कि एशिया कप के आयोजन स्थल का फैसला आईपीएल फाइनल से इतर होने वाली बैठक में किया जाएगा जिसमें एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के शीर्ष पदाधिकारी भाग लेंगे.
इस साल एशिया कप की मेजबानी का अधिकार पाकिस्तान के पास है लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम केंद्र सरकार की अनुमति के बिना पड़ोसी देश की यात्रा नहीं कर सकती. ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष नजम सेठी ने एक ‘हाइब्रिड मॉडल’ का प्रस्ताव रखा जिससे कि चार मैच का आयोजन उनके देश में हो सकता है और भारत अपने मैच तटस्थ स्थल पर खेले.

इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि सेठी को आईपी ए ल फाइनल के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है या नहीं. जय शाह ने पीटीआई से कहा,‘‘ अभी तक एशिया कप के आयोजन स्थल को लेकर फैसला नहीं किया गया है. हम अभी आईपीएल में व्यस्त थे लेकिन श्रीलंका क्रिकेट, बांग्लादेश और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष पदाधिकारी आईपीएल फाइनल देखने के लिए आ रहे हैं. हम इस पर चर्चा करके उचित समय पर फैसला करेंगे.’’ एसीसी सूत्रों से पता चला है कि सेठी का प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल व्यावहारिक हल नजर आता है लेकिन एसीसी ने कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है. मॉडल के अनुसार श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और अफगानिस्तान के लीग चरण के चार मैच पाकिस्तान में होंगे जबकि भारत अपने मैच तटस्थ स्थल पर खेलेगा.

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले दो मैच श्रीलंका में होंगे, हालांकि पीसीबी यह मैच दुबई में करवाना चाहता है. सितंबर में यूएई का मौसम 50 ओवर के मुकाबले कराने के अनुकूल नहीं होगा लेकिन साजोसमान और इंतजामों के लिहाज से एसीसी के लिए यूएई बेहतर विकल्प होगा.

एसीसी के सूत्रों ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा,‘‘ एसीसी के प्रमुख जय शाह कार्यकारी बोर्ड की बैठक बुलाएंगे जहां इस बारे में औपचारिक घोषणा की जाएगी. पीसीबी को भारत के खिलाफ तटस्थ स्थान पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘पीसीबी दुबई को प्राथमिकता देगा क्योंकि इससे टिकट से अधिक पैसा आएगा लेकिन वह किसी अन्य देश (श्रीलंका पढ़ें) में भी खेलने को तैयार है बशर्ते एसीसी दुबई में 2022 में भारत-पाक मुकाबले से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) को टिकटों की बिक्री से मिली राशि (पांच लाख डॉलर) की बराबरी करे.’’ एशिया कप का आयोजन इस साल एक से 17 सितंबर तक होना है.

एशिया कप में हिस्सा लेने वाली छह टीम भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल हैं. एक ग्रुप में भारत, पाकिस्तान और नेपाल को रखा गया है जबकि दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान होंगे. एसीसी के सूत्रों के अनुसार अगर हाइब्रिड मॉडल को स्वीकृति मिलती है तो पाकिस्तान देश में चार मुकाबलों का आयोजन करेगा. इसमें नेपाल के खिलाफ उसके मैच के अलावा श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान और अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले शामिल हैं.

प्रारूप के अनुसार प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम सुपर चार में जगह बनाएंगी जहां वे दोबारा एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. सुपर चार के राउंड रोबिन चरण के बाद शीर्ष दो टीम के बीच फाइनल होगा. सुपर चार से सुनिश्चित होगा कि भारत और पाकिस्तान के बीच कम से कम दो मैच होंगे जो मेजबान देश, प्रसारणकर्ता और एसीसी सभी के लिए फायदेमंद है. भारत और पाकिस्तान अगर खिताबी मुकाबले में जगह बनाते हैं तो चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच तीन मुकाबले होंगे.

एसीसी सूत्र ने कहा, ‘‘सेठी ने कहा है कि शुरुआती दौर में पाकिस्तान सिर्फ नेपाल से स्वदेश में खेलेगा. उनका प्रस्ताव है कि पाकिस्तान में छह मुकाबले हों जिसमें पाकिस्तान के सुपर चार के वे दो मैच भी शामिल हैं जिसमें भारत नहीं खेलेगा.’’ जहां तक फाइनल का सवाल है तो भारत के क्वालीफाई नहीं करने की स्थिति में भी एसीसी इसका आयोजन तटस्थ स्थल श्रीलंका या यूएई में करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu