पहलवानों के आंदोलन में मोदी-योगी के खिलाफ नारे लगाये जा रहे हैं : बृजभूषण शरण सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 May 2023 09:30 PM
पहलवानों के आंदोलन में मोदी-योगी के खिलाफ नारे लगाये जा रहे हैं : बृजभूषण शरण सिंह
ऑडियो सुनें

बलरामपुर. सात महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के आंदोलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं.

कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सिंह ने कहा, “यह आंदोलन दिल्ली से चलकर पंजाब और खालिस्तान की तरफ बढ़ रहा है. इस आंदोलन में प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं.” अयोध्या में पांच जून को होने वाली संतों की रैली की तैयारी को लेकर शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचे भाजपा सांसद ने आगे कहा, ”बजरंग पूनिया सिर काटने की बात करते हैं, यह उनकी नहीं किसी और की भाषा है.” उन्होंने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और किसान नेताओं पर हमला करते हुए सवाल उठाया कि क्या सिर काटने की भाषा का ये लोग समर्थन करते हैं.

विनेश फोगाट और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग, साक्षी मलिक सहित देश के शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं, जिसमें एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में सिंह की गिरफ्तारी की मांग की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu