भारत को दो साल पहले की तरह पूर्व निर्धारित सोच से डब्ल्यूटीसी एकादश नहीं चुननी चाहिए: प्रसाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Jun 2023 08:34 PM
भारत को दो साल पहले की तरह पूर्व निर्धारित सोच से डब्ल्यूटीसी एकादश नहीं चुननी चाहिए: प्रसाद
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को लगता है कि भारत को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिए अंतिम एकादश पूर्व निर्धारित अनुमान से नहीं चुननी चाहिए और साथ ही उनका मानना है कि चोटिल ऋषभ पंत की जगह भरना भी मुश्किल होगा क्योंकि विदेश में उनकी उपलब्धियां शानदार हैं.

भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 डब्ल्यूटीसी फाइनल में दो स्पिनरों – रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा – को चुनने का फैसला उलटा पड़ गया था क्योंकि तेज गेंदबाजों ने साउथम्पटन में बारिश के हालात में दबदबा बनाया. सात जून से लंदन के ‘द ओवल’ में आस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में स्पिन की भूमिका हो सकती है लेकिन प्रसाद ने सलाह दी कि टीम को उस समय की परिस्थितियों के हिसाब से फैसला करना चाहिए.

भारत के पूर्व विकेटकीपर ने पीटीआई से कहा, ”हमने दो स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज चुने थे लेकिन बारिश आ गयी, हमें अपनी योजना में बदलाव करना चाहिए था, लेकिन हम उसी अंतिम एकादश पर डटे रहे. लेकिन अब यह बीती बात हो गया है. ” उन्होंने कहा, ”यह सब ‘द ओवल’ में परिस्थितियों पर निर्भर करता है. पिच और परिस्थितियां अहम हैं. हमें नहीं पता कि ये पांच दिन में कैसे होंगे इसलिए हमें पूर्व अनुमान नहीं रखना चाहिए और परिस्थितियों को समझकर ही फैसला करना चाहिए. ”

पंत इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में शतक जड़ चुके हैं और अगर शीर्ष क्रम विफल होता है तो वह बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. प्रसाद को लगता है कि पंत की अनुपस्थिति में के एस भरत ही विकेटकीपिंग के लिए स्वत: विकल्प होंगे. पर उनका मानना है कि पंत की काबिलियत की तुलना नहीं कर सकते.

उन्होंने कहा, ”भरत को (ईशान किशन पर तरजीह देकर) चुनना काफी स्पष्ट फैसला है. पर ऋषभ की जगह भरना वास्तव में काफी मुश्किल है, विशेषकर विदेशों में हो रही श्रृंखला में. पूरे भारतीय क्रिकेट में, कोई भी अन्य विकेटकीपर बल्लेबाज नहीं है जिसने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया में शतक जड़े होंगे इसलिये उसकी जगह भरना काफी मुश्किल है. ”

प्रसाद ने कहा, ”आपको ऐसे विकेटकीपर की जरूरत है जो 100 ओवर तक फिट रहे और अच्छा करे. यह टेस्ट मैच है और हम इस पहलू से सोचने की जरूरत है. ” भारत के स्टार सुसज्जित शीर्ष चार में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली शामिल हैं जिनके मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे गेंदबाजों के खिलाफ अच्छा करने की उम्मीद है. अजिंक्य रहाणे भी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी इकाई के अनुभव में इजाफा करते हैं.

प्रसाद ने कहा, ”हमारा शीर्ष क्रम उनके तेज गेंदबाजी आक्रमण का किस तरह सामना करता है. इससे मैच के नतीजे का फैसला होगा. ” उन्होंने कहा, ”गिल अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं, रोहित इंग्लैंड में शतक बना चुके हैं, कोहली शानदार फॉर्म में हैं और पुजारा ने काउंटी क्रिकेट में काफी रन बनाये हैं और अंजिक्य के अनुभव को देखते हुए वह हमारे लिए सर्वश्रेष्ठ हैं, उन्हें डटकर खेलते हुए मैच जीतना होगा. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu