घर पर रखी कुल्हाड़ी से युवक ने अपने पिता पर किया हमला, बुजुर्ग ने मौके पर ही तोड़ा दम…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 16 Jun 2023 12:28 PM
घर पर रखी कुल्हाड़ी से युवक ने अपने पिता पर किया हमला, बुजुर्ग ने मौके पर ही तोड़ा दम…
ऑडियो सुनें

बस्तर: छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के एक गांव में युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि, पिता की डांट से नाराज होकर बेटे ने घर पर रखी कुल्हाड़ी से सिर, सीना, हाथ और पेट में वारकर उनकी जान ले ली। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों ने युवक को रोकने की कोशिश की। बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने खुद इसकी शिकायत पुलिस को की। अब आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला जिले के दरभा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के कोलेंग गांव में वारदात हुई है। इस गांव के रहने वाले बुजुर्ग झितरुराम सोढ़ी ने देर रात अपने बेटे मंगला सोढ़ी (29) से कहा कि, तुम मेरी सुनते नहीं हो। बरसात आने वाली है, इससे पहले घर की खपरैल छत को ठीक करना है। बस पिता की यह बात मंगला को बुरी लगी। दोनों के बीच विवाद हुआ। फिर मंगला ने गुस्से में घर पर रखी कुल्हाड़ी से अपने पिता पर वार कर दिया। बताया जा रहा है कि, बुजुर्ग के सिर, पेट, सीना और हाथ में करीब 5 से ज्यादा बार वार किया। जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।

घर पर मौजूद अन्य परिजनों ने मामले की सूचना दरभा थाना के जवानों को दी। जवान मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि, पिता हमेशा उसे किसी न किसी बात पट डांटते रहते थे। इसलिए उन्हें मार दिया। इधर, पुलिस अफसरों ने बताया कि, आरोपी युवक को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है।

इससे पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले

दरअसल, बस्तर में इससे पहले भी ऐसे मामले आ चुके हैं। कुछ महीने पहले दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने अपने पिता की हत्या की थी। बेटा शराब पीने का आदि हो गया था। पिता ने मना किया तो शराब के नशे में चूर युवक ने अपने पिता को ही मार दिया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार था। हालांकि, कुछ समय बाद पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला था। जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav