शिंदे की छवि धूमिल करने के लिए पवार के नाम का ‘दुरुपयोग’ कर रहे हैं फडणवीस: राकांपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 29 Jun 2023 01:30 PM
शिंदे की छवि धूमिल करने के लिए पवार के नाम का ‘दुरुपयोग’ कर रहे हैं फडणवीस: राकांपा
ऑडियो सुनें

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस पर आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की छवि धूमिल करने के लिए पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के नाम का ‘दुरुपयोग’ कर प्रसिद्धि पाने की कोशिश कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता फडणवीस ने हाल ही में एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में दावा किया था कि पवार 2019 में भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए सहमत हुए थे लेकिन फिर तीन-चार दिनों के बाद वह पीछे हट गए। उप मुख्यमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में एकनाथ शिंदे द्वारा विज्ञापनों में कमतर दिखाए जाने के बाद देवेन्द्र फडणवीस लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं और इसलिए वह साक्षात्कारों में शरद पवार के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं ताकि एकनाथ ंिशदे की छवि को धूमिल किया जा सके।’’

गौरतलब है कि 2019 के राज्य विधानसभा चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (तब अविभाजित) ने मुख्यमंत्री पद पर विवाद के चलते लंबे समय से सहयोगी रही भाजपा के साथ संबंध तोड़ लिए थे। बाद में अचानक राजभवन में फडणवीस ने मुख्यमंत्री तथा अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, हालांकि यह सरकार केवल 80 घंटे ही चली थी।

ठाकरे ने बाद में राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर राज्य में महा विकास अघाड़ी सरकार (एमवीए) का गठन किया। पिछले साल जून में शिंदे ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिससे पार्टी में विभाजन हो गया था और एमवीए सरकार गिर गई थी। शिंदे ने 30 जून, 2022 को मुख्यमंत्री और फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav