ट्वीट पढ़ने की सीमा तय किये जाने के बाद उपयोगकर्ताओं ने ट्विटर का उपयोग नहीं कर पाने की शिकायतें की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jul 2023 08:30 PM
ट्वीट पढ़ने की सीमा तय किये जाने के बाद उपयोगकर्ताओं ने ट्विटर का उपयोग नहीं कर पाने की शिकायतें की
ऑडियो सुनें

सैन फ्रांसिस्को. ट्विटर के मालिक एलन मस्क द्वारा इसके ‘असत्यापित खाते’ वाले उपयोगकर्ताओं पर एक दिन में 600 ट्वीट ही देखने की सीमा तय किये जाने के बाद इस सोशल मीडिया मंच का उपयोग कर पाने में दिक्कत होने की लोगों ने शनिवार को शिकायत की. मस्क ने अपने इस कदम को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट से संभावित रूप से कीमती डेटा चोरी करने से रोकने की कवायद बताया.
इससे एक दिन पहले, ट्विटर ने ट्वीट पढ़ने और प्रोफाइल देखने के लिए माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर लॉगइन करने की अनिवार्यता लागू कर दी थी.

इन पाबंदियों के कारण उपयोगकर्ता अपने हिस्से के ट्वीट पढ़ने के बाद उस दिन के लिए ट्विटर खाते से बाहर (लॉग आउट) किए जा सकते हैं. शनिवार सुबह से ही इस कदम का असर दिखना शुरू हो गया, जिससे एक वक्त में 7,500 से अधिक लोगों ने सोशल मीडिया सेवा के उपयोग करने में परेशानी होने को लेकर शिकायत की. इसे लेकर दुनिया के कई हिस्सों में ‘ट्विटरडाउन’ हैशटैग ट्रेंड करता रहा.
मस्क ने शुक्रवार को ट्वीट करके नयी पाबंदियों को अस्थायी कदम बताया. उन्होंने कहा, ”हमारे डेटा को चुराया जा रहा था जिससे सामान्य उपयोगकर्ताओं के लिए सेवा की गुणवत्ता में कमी आ रही थी.”

उन्होंने कहा कि चैटजीपीटी जैसे लोकप्रिय कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) प्रणालियों के लिए ट्विटर के डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा है. ये एआई प्रणालियां पाठ सामग्री, तस्वीरें, वीडियो और अन्य सामग्री एकत्रित करने के लिए कई ऑनलाइन सूचनाएं खंगालती हैं. उन्होंने शनिवार को एक ट्वीट में यह ऐलान किया कि असत्यापित खाते के उपयोगकर्ता अस्थायी रूप से हर दिन 600 पोस्ट ही पढ़ पाएंगे, जबकि सत्यापित खाते के उपयोगकर्ता हर दिन 6,000 पोस्ट देख सकेंगे.

इसे लेकर आलोचनाओं का सामना करने के बाद मस्क ने ट्वीट किया कि इस सीमा को असत्यापित खातों के लिए 800 पोस्ट और सत्यापित खातों के लिए 8,000 पोस्ट तक बढ़ाया जाएगा तथा बाद में इसे बढ़ाकर क्रमश: 1,000 और 10,000 ट्वीट किया जाएगा.
ट्विटर के दुनियाभर में 20 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं.

गौरतलब है कि मस्क ने इस साल की शुरुआत में ट्विटर का राजस्व बढ़ाने के लिए सत्यापित खातों पर आठ अमेरिकी डॉलर प्रति महीने का शुल्क लगाया था और लागत में कटौती के लिए करीब तीन चौथाई कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी. इसके बाद, विज्ञापनदाताओं ने ट्विटर पर अपने खर्च में कटौती कर दी. मस्क ने हाल में एनबीसी यूनिवर्सल की लंबे समय तक कार्यकारी अधिकारी रही लिंडा याकारिनो को विज्ञापनदाताओं को वापस लाने की कवायद में ट्विटर का सीईओ बनाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu