अदालत ने पाकिस्तानी महिला को जेल भेजा, चारों बच्चे रहेंगे मां के साथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 09:17 PM
अदालत ने पाकिस्तानी महिला को जेल भेजा, चारों बच्चे रहेंगे मां के साथ
ऑडियो सुनें

नोएडा. गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में पकड़ी गई पाकिस्तानी महिला को एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अदालत ने कहा कि महिला के चार बच्चे भी उसके साथ जेल में ही रहेंगे. पुलिस ने यह जानकारी दी.
रबूपुरा थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार दोपहर को पाकिस्तानी महिला सीमा, अन्य आरोपी सचिन और उसके पिता नेत्रपाल को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

उन्होंने कहा, ”बच्चों – तीन लड़कियां और एक लड़के – को भी एक अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने आदेश दिया कि बच्चे अपनी मां के साथ रह सकते हैं, जिन्हें ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल में रखा जाएगा.” पुलिस ने बताया कि इस मामले की सूचना केंद्रीय जांच एजेंसियों और उत्तर प्रदेश आतंक-रोधी दस्ते को दे दी गई है. पुलिस ने बताया कि महिला और उसके बच्चों को स्थानीय व्यक्ति सचिन ने आश्रय दिया था, जिसकी 2019 में ऑनलाइन पबजी गेम के माध्यम से उससे मुलाकात हुई थी.

पुलिस ने नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत पहुंची सीमा गुलाम हैदर, उसके प्रेमी सचिन और सचिन के पिता नेत्रपाल के खिलाफ थाना रबूपुरा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था. पुलिस ने तीनों के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम, षड्यंत्र रचने और विदेशी नागरिक को शरण देने की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) साद मिया खान ने संवाददाताओं से कहा, ”पाकिस्तानी महिला, जिसकी पहचान सीमा गुलाम हैदर के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा, जिसने सीमा को आश्रय दिया था और उसके (सचिन के) पिता नेत्रपाल मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.”

जानकारी के मुताबिक, सीमा और उसके प्रेमी सचिन से पुलिस और जांच एजेंसियों के अधिकारी गहनता से पूछताछ कर रहे है. सीमा 13 मई को अपने चार बच्चों के साथ बिना वैध दस्तावेजों के यहां पहुंची थी. पुलिस ने सीमा के पास से कई मोबाइल फोन, पाकिस्तानी पासपोर्ट, नेपाल के लिए लिया गया टूरिस्ट वीजा (जोकि खत्म हो चुका है) आदि बरामद किया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई बार कोशिश करने के बाद भी सीमा के पति, भाई और परिवार के लोगों के मोबाइल नंबर पर बात नहीं हो पाई है और उनसे संपर्क करने का प्रयास जारी है. अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा क्षेत्र में परचून की दुकान चलाने वाले सचिन की पबजी गेम के माध्यम से पाकिस्तान के कराची की रहने वाली सीमा गुलाम हैदर से दोस्ती हुई. सीमा नेपाल के रास्ते बस से भारत पहुंची तथा प्रेमी सचिन के साथ जिंदगी बिताने का वादा कर लगभग डेढ़ माह से उसके साथ रह रही थी.

जानकारी के मुताबिक, बताया जाता है कि जब आसपास के लोगों में चर्चा शुरू हुई कि सीमा पाकिस्तान की रहने वाली है, तो इस बात से घबराकर वह शनिवार को सचिन के साथ टैक्सी में सवार होकर जेवर गई, जहां से बस से वह पलवल पहुंची. उन्होंने बताया कि सीमा और उसके प्रेमी सचिन को पुलिस ने पलवल और बल्लभगढ़ के बीच से गिरफ्तार किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu