नयी दिल्ली/भोपाल. कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर सोमवार को कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और राज्य की सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) हिंसा भड़काने वालों के साथ खड़ी नहीं है. पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह भी दावा किया कि अगर यह हिंसा भारतीय जनता पार्टी के शासन वाले राज्य में होती तो भाजपा हिंसा करने वालों के साथ खड़ी नजर आती.
वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस का हमेशा मानना रहा है कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है…हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा, ”वहां जिस पार्टी (टीएमसी) की सरकार है क्या वह दोषियों के साथ खड़ी है या दोषियों के खिलाफ खड़ी है? अगर भाजपा के शासन में ऐसा हुआ होता तो वह दोषियों के साथ खड़ी होती. ममता बनर्जी और (उनकी) सरकार ने यह नहीं कहा है कि वे दोषियों के साथ खड़े हैं, बल्कि वे दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की बात कर रहे हैं.. लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं है.”
उन्होंने इसी से जुड़े एक अन्य सवाल पर कहा, ”मुझे लगता है और हम देख भी रहे हैं कि पश्चिम बंगाल उन लोगों के साथ नहीं खड़ी है, जो हिंसा भड़का रहे हैं.” उधर, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी तृणमूल कांग्रेस और राज्य सरकार पर लगातार प्रहार कर रहे हैं.
कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष चौधरी ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंचायत चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों को राज्य में आने में देरी करने का निर्देश दिया था, ताकि सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस को मतों की लूट करने में मदद मिल सके.
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को 61,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था. कई स्थानों पर मतपेटियां लूट ली गईं या उनमें आग लगा दी गईं और उन्हें तालाबों में फेंक दिया गया, जिसके बाद हिंसा भड़क गई थी. राज्य के ग्रामीण इलाकों की 73,887 सीट के लिए शनिवार को हुए मतदान में 5.67 करोड़ लोग मतदान के पात्र थे.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में हो रही घटनाएं भयावह : दिग्विजय
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान सामने आई हिसंक घटनाओं पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की निगरानी में हो रही घटनाएं भयावह और अक्षम्य हैं. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोमवार सुबह ट्वीट किया, ” बंगाल में पंचायत चुनाव में जो हो रहा है वह भयावह है. मैं ममता के धैर्य और दृढ. संकल्प का प्रशंसक रहा हूं लेकिन जो हो रहा है वह अक्षम्य है. हम जानते हैं कि आपने माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) शासन में इसी तरह की स्थिति का बहादुरी से सामना किया था लेकिन अब जो हो रहा है वह हमारे लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है.”
राज्यसभा सदस्य सिंह की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए विपक्ष एकजुट होने की कोशिश कर रहा है. कांग्रेस और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की 23 जून को पटना में बैठक हुई थी. उस बैठक में बनर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य दलों के नेता शामिल हुए थे.