बारिश प्रभावित राज्यों को ‘पीएम केयर’ कोष से सहायता दी जाए: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jul 2023 10:21 PM
बारिश प्रभावित राज्यों को ‘पीएम केयर’ कोष से सहायता दी जाए: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि मूसलाधार बारिश से प्रभावित हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कुछ अन्य राज्यों को “पीएम केयर” कोष से सहायता राशि प्रदान की जानी चाहिए. मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि ‘आपदा को अवसर’ के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और बारिश प्रभावित अन्य राज्य के मुख्यमंत्रियों से बात करनी चाहिए.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू से फोन पर बात की. उन्होंने प्रभावित राज्यों के पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे राहत एवं बचाव कार्य में अपना योगदान दें. खरगे ने ट्वीट किया, “उत्तर भारत के राज्यों में बेतहाशा बारिश के कारण कई लोगों की मृत्यु दुखद व पीड़ादायक है. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात हुई. राज्य में राहत कार्यों में तेज.ी आई है और मूसलाधार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने के लिए, ख.राब मौसम के बावजूद हरसंभव प्रयास जारी हैं.” उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य कर रही हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पीड़ितों को उचित मुआवज.ा दिया जाएगा और जान-माल का जो नुक.सान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए हरसंभव मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, “सभी कांग्रेस विधायकों को हमने निर्देश दिए हैं कि अपने क्षेत्र में प्रभावित लोगों की हर प्रकार से मदद करें. सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे सहायता पहुंचाने में अपना योगदान दें.”

खरगे ने कहा, “केन्द्र सरकार से आग्रह है कि हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों के लिए पीएम केयर फंड से अतिरिक्त राहत राशि उपलब्ध कराई जाए. इस मुश्किल समय में हम प्रभावित लोगों के साथ हैं.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”भीषण बारिश और भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. सभी शोकसंतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की आशा करता हूं.”

उन्होंने कहा, ”सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि राहत कार्यों में वो प्रशासन की सहायता करें. इस प्राकृतिक आपदा की कठिन चुनौती का हम सभी को मिल कर सामना करना है.” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ”हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कई लोगों की मृत्यु की दुखद खबर मिली. सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. आपदा की इस मुश्किल घड़ी में हम सब एकजुट हैं. मैं सभी बहनों-भाइयों के सकुशल एवं सुरक्षित होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं.”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से अपील है कि वे आपदाग्रस्त जगहों पर लोगों की हरसंभव मदद करें व राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें.” कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ”प्रधानमंत्री ने पीएम केयर से पैसा क्यों नहीं दिया? प्रधानमंत्री जी, बाढ. प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करिए. पीएम केयर से पैसे दीजिए.” उन्होंने कहा कि यहां पर ‘आपदा में अवसर’ नहीं देखा जाना चाहिए. उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के कहर के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया.

हिमाचल प्रदेश भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है जहां भूस्खलन से चार और लोगों की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोग फंसे हैं. उत्तर भारत में, दिल्ली में यमुना सहित कई नदियां उफान पर हैं. क्षेत्र में कई सड़कें और आवासीय इलाके घुटने तक पानी में डूब गए हैं. कई जगहों पर वाहन पानी में बहते नजर आए.

चीनी मुद्रा में भुगतान कर रूस से तेल खरीद रही सरकार : कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदने के लिए चीन की मुद्रा युआन में भुगतान कर रही है.
पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने सवाल किया कि चीन की मुद्रा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का प्रयास क्यों किया जा रहा है? उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”मोदी सरकार सस्ता रूसी तेल खरीदने के लिए युआन में भुगतान कर रही है. साल 2020-21 में हम रूस से 7,000 करोड़ रुपये का तेल खरीदते थे, अब हम 2022-23 में 8,900 करोड़ रुपये का तेल खरीद रहे हैं.” वल्लभ ने दावा किया कि सरकार चीनी मुद्रा में भुगतान कर रूसी तेल आयात कर रही है, जबकि चीन की वजह से भारत के 20 जवान शहीद हुए थे.

उन्होंने सवाल किया, ”हम अपनी मुद्रा में भुगतान क्यों नहीं कर रहे हैं? रूस से खरीदे गए सस्ते तेल का फायदा देश के अंतिम उपभोक्ता को क्यों नहीं मिल रहा है? बीते नौ साल में रुपये की साख ऐसी क्यों गिरी कि हम रुपये में भुगतान नहीं कर पा रहे हैं? चीन की मुद्रा को वैश्विक मंच पर स्थापित क्यों किया जा रहा है?” कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार को इन सवालों के जवाब देना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu