बेंगलुरु के पास तीन व्यक्ति 2.5 टन टमाटर से लदा ट्रक ले भागे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jul 2023 08:34 PM
बेंगलुरु के पास तीन व्यक्ति 2.5 टन टमाटर से लदा ट्रक ले भागे
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. बेंगलुरु के पास एक किसान को उसके वाहन से हुई एक दुर्घटना का हर्जाना टमाटरों से चुकाना पड़ा. दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार लोग किसान के 2.5 टन टमाटर लेकर फरार हो गए जिसके दाम हर दिन बढ़ते जा रहे हैं. किसान मल्लेश के ट्रक से टक्कर में कार का शीशा टूट गया था जिसकी भरपाई ना कर पाने पर तीनों लोग टमाटर से लदे उसके ट्रक को लेकर फरार हो गये. कर्नाटक सहित देश के अनेक राज्यों में टमाटर की कीमत 100 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर है.

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु के चिक्काजला के पास यह घटना घटी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर का रहने वाला किसान मल्लेश शनिवार को ट्रक में टमाटर लादकर कोलार जा रहा था. अचानक ट्रक की टक्कर एक कार से हो गई और कार का शीशा टूट गया जिसमें आरोपी सवार थे. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने किसान एवं ट्रक चालक को अपशब्द कहे और नुकसान के एवज में बड़ी रकम मांगने लगे. दोनों के पास पैसे नहीं थे और वे आरोपियों से मध्यस्थता की कोशिश करने लगे.

इसके बाद आरोपियों ने ट्रक को कथित तौर पर जबरदस्ती अपने नियंत्रण में ले लिया और पैसों की मांग करते हुए उसे चलाने लगे. जब उन्हें एहसास हुआ कि किसान और चालक के पास पैसे नहीं हैं तो आरोपियों ने उन्हें वाहन से बाहर धकेल दिया और ट्रक लेकर भाग गए. ट्रक में लगभग ढाई टन टमाटर थे, जिनकी कीमत ढाई से तीन लाख रुपये के बीच है. आरोपियों में से एक व्यक्ति कार लेकर भाग गया. पिछले सप्ताह हासन जिले के बेलूर में एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके 2.7 लाख रुपये के टमाटर चोरी हो गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu