जैन मुनि की हत्या पर भाजपा का प्रदर्शन, कहा-सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Jul 2023 08:14 PM
जैन मुनि की हत्या पर भाजपा का प्रदर्शन, कहा-सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु/नयी दिल्ली. बेलगावी में जैन मुनि आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज की निर्मम हत्या के खिलाफ विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के विधायकों ने यहां विधान सौध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में विधायकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास बैठकर राज्य में “बिगड़ती” कानून व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ नारे लगाए.

इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राजभवन की ओर मार्च निकाला और राज्यपाल थावरचंद गहलोत को ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने उनसे राज्य में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सरकार को उचित दिशानिर्देश जारी करने का अनुरोध किया. भाजपा ने कहा कि दिंगबर जैन मुनि कामकुमार नंदी महाराज का शव आठ जुलाई को बेलगावी जिले के चिक्कोडी तालुक के हिरेकोडी में एक बेकार पड़े बोरवेल में मिला. मुनि के शरीर को काटकर एक प्लास्टिक के थैले बांधा हुआ था.

राजनीतिक दल ने कहा कि एक अन्य घटना में नौ जुलाई को ‘नमो ब्रिगेड’ की ‘युवा ब्रिगेड’ के 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मैसूर जिले के टी नरसीपुरा के बाहरी इलाके में हनुमान जयंती समारोह के दौरान हत्या कर दी गई. भाजपा ने अपने ज्ञापन में कहा,”इसी तरह, राज्य भर में होसाकोट, धारवाड़ और यादगीर जैसी घटनाएं हुई हैं. नागरिकों के मन में डर पैदा करने के लिए एक विशेष राजनीतिक दल से जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया और उनकी निर्मम हत्या कर दी गई.

विपक्षी दल ने कहा कि हाल में कलबुर्गी जिले में अवैध रेत माफिया को रोकने की कोशिश करने वाले एक पुलिस सिपाही की हत्या कर दी गई और एक अन्य पुलिस कांस्टेबल ने धमकियों के कारण आत्महत्या करने का प्रयास किया. भाजपा ने कहा कि जब से कांग्रेस दल सत्ता में आया है बेलगवी में सार्वजनिक रूप से ”पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाने की घटनाएं हो रही हैं और भटकल में नारे लगाए गए ”हिंदू शवों को उठाने के लिए कोई नहीं होगा.” भाजपा ने दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में राज्य सरकार पूरी तरह से विफल रही है.

कर्नाटक सरकार ने जैन मुनि की हत्या की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच से इनकार कर दिया है. विपक्षी दल भाजपा ने मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपने की मांग करते हुए मंगलवार को विधानसभा में आसन के समक्ष पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. भाजपा की मांग को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और गृहमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि सरकार सभी मामलों को गंभीरता से ले रही है. पुलिस कुशलता से जांच कर रही है तथा सच को सामने लेकर आएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया जाता है. पुलिस ने मामले में नारायण बसप्पा मडी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया है.

सांप्रदायिक तत्वों व अपराधियों की ‘सुरक्षित पनाहगाह’ बनता जा रहा है कर्नाटक: राजीव चंद्रशेखर

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बेलगावी जिले में एक जैन मुनि की हत्या को लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को दावा किया कि यह दक्षिणी राज्य सांप्रदायिक तत्वों और अपराधियों के लिए ‘सुरक्षित पनाहगाह’ बनता जा रहा है. कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य चंद्रशेखर ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगातार विरोध के बाद ही राज्य पुलिस इस मामले में हरकत में आई.

केंद्रीय मंत्री के कार्यालय की ओर जारी से जारी एक वीडियो के मुताबिक चंद्रशेखर ने कहा, ”यह चौंकाने वाला है कि राहुल गांधी की कांग्रेस सरकार के तहत कर्नाटक कुछ ही महीनों में सांप्रदायिक तत्वों और अपराधियों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बन गया है. जैन मुनि की नृशंस हत्या स्तब्ध करने वाली है.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सवाल पूछा जाना चाहिए कि कर्नाटक में क्या हो रहा है जहां भाजपा की पिछली सरकार के तहत कानून और व्यवस्था बहाल की गई थी.

अपराध की कई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए चंद्रशेखर ने कहा ”यह निहित स्वार्थी तत्वों को खुला छोड़ देने जैसा है क्योंकि उन्हें लगता होगा कि कर्नाटक उनके लिए एक सुरक्षित पनाहगाह है जब तक कि वे एक विशेष धर्म या आस्था से जुड़े हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह देखना दुखद है कि राज्य ‘इस तरह के क्रूर और हिंसक अपराधों का केंद्र’ बनता जा रहा है.

बेलगावी के चिक्कोडी तालुक के हिरेकोडी गांव में नंद पर्वत आश्रम के जैन मुनि कामकुमार नंदी महाराज की पिछले हफ्ते कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी. उनके शव को रायबाग तालुक के खटकभावी गांव में एक बोरवेल में फेंक दिया गया था. इस मामले में नारायण बसप्पा मादी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को संदेह है कि हत्या की वजह पैसे का लेनदेन हो सकती है. विपक्षी भाजपा विधायकों ने जैन मुनि की नृशंस हत्या के खिलाफ बुधवार को बेंगलुरु में विधान सौध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu