दिल्ली में यमुना का जलस्तर स्थिर, आज रात से पानी कम होने के आसार : सीडब्लूसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jul 2023 07:57 PM
दिल्ली में यमुना का जलस्तर स्थिर, आज रात से पानी कम होने के आसार : सीडब्लूसी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय जल आयोग (सीडब्लूसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है और यह आज रात से कम होना शुरू हो जाएगा. सीडब्लूसी के बाढ़ निगरानी पोर्टल के मुताबिक, पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर दोपहर एक बजे बढ़कर 208.62 मीटर हो गया था, जो शाम चार बजे तक स्थिर रहा.

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के निदेशक शरद चंद्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यमुना का जलस्तर स्थिर हो गया है और अगले चार घंटों में इसमें कमी आनी शुरू हो जाएगी. शुक्रवार तड़के तीन बजे तक इसके घटकर 208.45 मीटर तक आने की उम्मीद है.” उन्होंने कहा कि हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज पर जल प्रवाह की दर शाम चार बजे गिरकर 80,000 क्यूसेक हो गई. दिल्ली में यमुना के उफान पर आने के बाद कई इलाके जलमग्न हो गये.

यमुना में जलस्तर में वृद्धि के कारण सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे सहित सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. पुराने रेलवे पुल पर नदी का जलस्तर बुधवार रात 208 मीटर के निशान को पार कर गया था, जिसके बाद सीडब्ल्यूसी ने इसे “चरम स्थिति” बताया.

यमुना के जलस्तर में तेजी से वृद्धि के बाद, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था. वहीं, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ प्रभावित इलाकों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी थी. दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को निर्देश दिया कि शहर के सभी गैर-जरूरी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे. प्राधिकरण ने शहर के निजी प्रतिष्ठानों को घर से काम करने की सलाह दी है.

दिल्ली में पिछले चार दिन में यमुना के जल स्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई थी. यह रविवार सुबह 11 बजे 203.14 मीटर से बढ़कर सोमवार शाम पांच बजे 205.4 मीटर पर पहुंच गया था, जो उम्मीद से 18 घंटे पहले खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया था.

यमुना का जलस्तर सोमवार रात 206 मीटर के निशान को पार कर गया था, जिससे बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ा और सड़क एवं रेल यातायात के लिए पुराने रेलवे पुल को बंद कर दिया गया था. वहीं, बुधवार को दोपहर एक बजे तक यमुना का जलस्तर 207.49 मीटर और रात 10 बजे तक 208 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ‘भारी बारिश’ की संभावना व्यक्त की है.

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के बीच यातायात परामर्श जारी; यात्री और वाहन लंबे जाम में फंसे

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को वाहनों की आवाजाही पर रोक एवं विनियमन के संबंध में एक परामर्श जारी किया. यमुना से बाढ़ का पानी बाहर आ जाने पर सड़कों के बंद रहने से खासकर पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा तथा यात्री घंटों फंसे रहे.

परामर्श के अनुसार आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग पर और कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच के महात्मा गांधी मार्ग तथा बाहरी रिंग रोड पर वजीराबाद पुल एवं चंदगी राम अखाड़े के बीच यातायात बाधित है.
यातायात पुलिस ने कहा है कि यात्रियों को इन मार्गों से बचने और अन्य मार्गों से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है.

परामर्श में कहा गया है कि गैर-नियत व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें पूर्वी तथा पश्चिमी पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा. व्यावसायिक वाहनों का मार्ग मुकरबा चौक से बदला जाएगा . इसके अलावा मुकरबा चौक और वजीराबाद पुल के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

परामर्श के अनुसार, व्यावसायिक वाहनों को सराय काले खां से अन्य मार्ग पर भेजा जाएगा. सराय काले खां और आईपी फ्लाईओवर के बीच ऐसे किसी भी वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. गाजीपुर बॉर्डर तथा अक्षरधाम से भी उनके मार्ग डीएनडी की ओर परिर्वितत किए जाएंगे. अक्षरधाम और सराय काले खां के बीच भी ऐसे किसी वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
शहर के जो दृश्य सामने आये हैं उनमें जगह-जगह यातायात जाम नजर आता है.

वकील सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कहा कि चार-पांच किलोमीटर लंबा रास्ता तय करने में उन्हें तीन घंटे लग गए. उन्होंने कहा, ” मैं करीब साढ़े आठ बजे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपने घर से निकला था और तीस हजारी अदालत जा रहा था. मुझे जी टी रोड से दिल्ली में दाखिल होने में तीन घंटे लग गये क्योंकि वहां यातायात जाम था. अब मैं घर लौटने की सोच रहा हूं.” दिल्लीवासियों ने भी अपनी परेशानियां ट्विटर पर व्यक्त कीं. उनमें से एक ने कहा कि खोडा से यूपी गेट एमसीडी टॉल पर पहुंचने में उन्हें एक घंटा लग गया.
मौजपुर, बाबरपुर, जीटीबी अस्पताल, दिलशाद गार्डन, विवेक विहार और आनंद विहार में यातायात बहुत अधिक था.

सोशल मीडिया पर डाली गयी तस्वीरों में राष्ट्रीय राजमार्ग 24 और सरायकाले खां में बहुत अधिक यातायात नजर आया तथा गाड़ियां रेंगती दिखाई दीं. यमुना का पानी आईटीओ तक पहुंच गया है जो पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली एवं कनॉट प्लेस जाने का मुख्य मार्ग है. विकास मार्ग पर भी बहुत यातायात था.

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, ” यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण जीटी रोड पर शाहदरा से आईएसबीटी,कश्मीरी गेट जाने वाले यातायात का मार्ग केशव चौक-कड़कडडूमा कोट – रोड नंबर 57-राष्ट्रीय राजमार्ग 24 होकर सीलमपुर टी प्वाइंट की ओर मोड़ दिया गया है.” उसने कहा, ” यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर आईएसबीटी से मजनूं का टीला की ओर जाने वाले तथा इसी रास्ते पर वापसी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी है. कृपया इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करें.”

पुलिस के अनुसार बाहरी रिंग रोड (रोहिणी से आईएसबीटी तक) यातायात प्रभावित हुआ है तथा जीटीके रोड और जीटीके रोड से आईएसबीटी (सोनीपत की ओर)की ओर ही जाने की अनुमति है. दूसरी तरफ से यातायात रोक दिया गया है और उसका मार्ग बदल दिया गया है. मुकरबा चौक फ्लाइओर के नीचे जीटीके रोड से आजादपुर के लिए यातायात रोहिणी की ओर मोड़ दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu