नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए प्रमुख अनुसंधान संस्थानों के वैज्ञानिकों को राशि का आवंटन नहीं होने से जुड़ी एक खबर का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश में वैज्ञानिक अनुसंधान को खत्म करने पर आमादा है. उन्होंने जिस खबर का हवाला दिया उसमें दावा किया गया है कि प्रमुख अनुसंधान संस्थानों के वैज्ञानिक केंद्रीय एजेंसियों से मिलने वाले पैसे का इंतजार कर रहे हैं.
खरगे ने कहा कि वैज्ञानिक अपने अनुसंधान को जारी रखने के लिए अपनी गाढ़ी कमाई को लगाने के लिए मजबूर हैं. उन्होंने ट्वीट किया, ”वर्ष 2017 में वैज्ञानिक समुदाय मामूली वित्तपोषण, आवंटन में कटौती और छद्म विज्ञान वाले दुष्प्रचार को लेकर 27 शहरों में प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हुआ था.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ की बात करें, लेकिन उनकी सरकार का इरादा ‘पराजय विज्ञान, पराजय अनुसंधान’ है.”