पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से नहीं सुनी जाती थी भारत की बातें : रक्षा मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jul 2023 08:20 PM
पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से नहीं सुनी जाती थी भारत की बातें : रक्षा मंत्री
ऑडियो सुनें

लखनऊ. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था लेकिन आज जब हिंदुस्तान बोलता है तो सारी दुनिया ”कान खोल” कर सुनती है. अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आए रक्षा मंत्री ने निराला नगर आवासीय जन कल्याण समिति की बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ.ा है.

उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले भारत की बातों को गंभीरतापूर्वक नहीं लिया जाता था, आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है. आप लोगों ने टीवी पर देखा होगा कि हमारे प्रधानमंत्री जब दूसरे देशों में जाते हैं तो वहां उनका स्वागत कैसे होता है.”

सिंह ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री उन्हें (मोदी) बॉस कहकर पुकारते हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति मोदी जी को कहते हैं कि आप ”ग्लोबली पावरफुल हैं, आपका ऑटोग्राफ” लेने की इच्छा हो रही है. मुस्लिम देश भी सर्वोच्च सम्मान दे रहे हैं. पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने पैर छूने के लिए अपना हाथ आगे बढ.ाया. यह सम्मान व्यक्ति के साथ-साथ हर भारतवासी का सम्मान है.” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया भर में भारत सबसे तेज गति से बढ.ने वाली अर्थव्यवस्था है. 2013-2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश था. आज हम दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था हैं.

सिंह ने कहा, ”ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में होगा. इसकी फैक्टरी में भारत के अभियंताओं के साथ-साथ विदेशी इंजीनियर भी काम करेंगे और यहां के लोगों को भी बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा. मिसाइल ले जाने के लिए रेलवे ट्रैक का भी निर्माण होगा. अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लोग भी यहां पर आकर रहेंगे.” इससे पहले, रक्षा मंत्री निराला नगर स्थित मृत्युंजय पार्क में स्थापित ओपन जिम देखने पहुंचे और कसरत भी की. उन्होंने कहा कि लखनऊ में लगभग 100 जिम पार्क बन गए हैं और लगभग 500 पार्क और ओपन जिम लगाए जाने की योजना है. उन्होंने कहा कि लखनऊ के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बड़े कार्यक्रमों के लिए 40 करोड़ की लागत से सामुदायिक सह ”ओल्ड ऐज केयर सेंटर” (वृद्धाश्रम) बनाए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu