अभिनेता आर. माधवन फ्रांस में मोदी-मैक्रों के रात्रिभोज में हुए शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jul 2023 09:37 PM
अभिनेता आर. माधवन फ्रांस में मोदी-मैक्रों के रात्रिभोज में हुए शामिल
ऑडियो सुनें

पेरिस. फ्रांस के लूवर संग्राहलय में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिये आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए अभिनेता आर. माधवन ने रविवार को कहा कि वह उन दोनों वैश्विक नेताओं से आश्चर्यचकित हैं, जिन्होंने कार्यक्रम में अपनी दृष्टि का वर्णन किया और “पूरे उत्साह के साथ दोनों देशों के भविष्य पर चर्चा की.”

मैक्रों और उनकी पत्नी एवं फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने शुक्रवार को यहां के इस प्रतिष्ठित संग्रहालय में प्रधानमंत्री मोदी के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था. प्रधानमंत्री मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति के न्योते पर बृहस्पतिवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे थे. प्रधानमंत्री फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान ‘बैस्टिल दिवस’ परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.

माधवन ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में “अनुग्रह और विनम्रता पर अतुलनीय सीख” के लिए मैक्रों और मोदी का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने आगे लिखा, “14 जुलाई 2023 को पेरिस में आयोजित बैस्टिल दिवस समारोह के दौरान भारत-फ्रांस संबंधों के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के लिए कुछ अच्छा करने का जुनून और समर्पण स्पष्ट और शानदार था. लूवर संग्राहलय में हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित रात्रिभोज से मैं आश्चर्यचकित हूं.” उन्होंने लिखा, कार्यक्रम में दोनों वैश्विक नेताओं ने दो महान मित्र राष्ट्रों के भविष्य के लिये अपनी दृष्टि का उत्साहपूर्वक वर्णन किया. माधवन ने रात्रिभोज की तस्वीरों की एक श्रृंखला के साथ लिखा, “दोनों देशों के बीच सकारात्मकता और आपसी सम्मान एक मधुर संबंध को बयां करता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu