नाम बदलने से कोई नहीं बदलता, यह ‘नई बोतल में पुरानी शराब’ है: भाजपा का विपक्ष पर निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 10:33 PM
नाम बदलने से कोई नहीं बदलता, यह ‘नई बोतल में पुरानी शराब’ है: भाजपा का विपक्ष पर निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विपक्षी दलों द्वारा अपने गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ रखे जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को इस कदम को ‘नयी बोतल में पुरानी शराब’ कहकर खारिज कर दिया और कहा कि नाम बदलने से कोई नहीं बदलता. भाजपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अबू आजमी की ‘वंदे मातरम’ वाली टिप्पणी को लेकर भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विपक्ष उसी पुराने तरीके से व्यवहार कर रहा है.

उन्होंने कहा, ”नाम बदलने से ज्यादा इस बेतुके गठबंधन को भारत, उसके लोगों और भारतीयता के प्रतीकों के बारे में अपनी मंशा और मानसिकता बदलने की जरूरत है. राष्ट्रगीत के बारे में ऐसी भावना रखने वाले लोग देश का क्या सम्मान करेंगे.” भाजपा की यह प्रतिक्रिया आजमी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा में संभाजीनगर जिला के दंगा का मुद्दा उठाने के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘वंदे मातरम’ बोलना उन्हें अस्वीकार्य है.

विपक्षी दलों द्वारा अपने गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ रखने के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ”कोई नाम बदलने से नहीं बदलता है. वे वही लोग हैं. यह नयी बोतल में पुरानी शराब है.” भाजपा के कई अन्य नेताओं ने भी आजमी पर निशाना साधा. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने 26 विपक्षी दलों के नवगठित गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”क्या यही ‘इंडिया’ को लेकर उनकी अवधारणा है? या यह भारत विरोधी है?

सपा इस कथित आई.एन.डी.आई.ए का हिस्सा है.” विपक्षी दलों ने सत्तारूढ. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का एकजुट होकर मुकाबला करने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ नामक एक गठबंधन बनाया. पूनावाला ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम है, लेकिन उनके एजेंडे में नहीं है.

उन्होंने कहा, ”इससे पहले सपा ने आतंकवादियों को रिहा किया और याकूब मेमन, अफजल गुरु को संरक्षण दिया. कांग्रेस ने र्सिजकल स्ट्राइक और बालाकोट पर सवाल उठाए और 26/11 के लिए भारत को दोषी ठहराया गया, पाकिस्तान को नहीं. यही उनका असली चेहरा है.” पूनावाला ने सवाल किया, ”क्या ममता दी, खरगे जी, राहुल जी हमें अपना रुख बताएंगे?”

महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को ‘वंदे मातरम’ को लेकर अबू आजमी की टिप्पणी के विरोध में भाजपा विधायकों के हंगामे के कारण स्थगित कर दी गई. संभाजीनगर जिले में दंगे का मुद्दा उठाते हुए आजमी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ बोलना उन्हें स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा, ”कुछ लोग कहते हैं कि अगर किसी को भारत में रहना है तो वंदे मातरम जरूर बोलना चाहिए. हम ऐसा नहीं कर सकते. हम केवल एक ईश्वर में विश्वास करते हैं.” भाजपा विधायकों ने उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu