मुंबई. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के बचाव दलों ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के भूस्खलन प्रभावित इरशालवाड़ी गांव में मलबे से पांच और शव बरामद किए, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सुबह से अब तक पांच लोगों के शव निकाले गए, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं हैं.
अधिकारी ने कहा कि कुल 21 मृतकों में चार बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र छह महीने से चार साल के बीच है और इनमें दो भाई-बहन भी शामिल हैं. अधिकारी ने कहा कि एनडीआरएफ के दलों ने बीती रात अभियान रोक दिया था और आज बारिश के बीच सुबह साढ.े छह बजे उन्होंने पहाड़ी इलाके में स्थित भूस्खलन स्थल पर फिर से खोज व बचाव अभियान शुरू किया. स्थानीय ग्रामीण और मलबे के अंदर फंसे लोगों के रिश्तेदार बचाव दलों की सहायता कर रहे हैं.
मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर तटीय जिले रायगढ. में बुधवार रात पहाड़ी इलाके में स्थित आदिवासी गांव इरशालवाड़ी में भीषण भूस्खलन हुआ था. बृहस्पतिवार तक 16 लोगों की मौत हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि गांव के कुल 228 निवासियों में से 21 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 93 निवासियों का पता लगाया जा चुका है. हालांकि, कुल 114 ग्रामीणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
अधिकारी ने कहा कि इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो किसी शादी समारोह में शामिल होने या धान की बुवाई के काम से गांव से बाहर गए थे. उन्होंने कहा, चूंकि सुदूर गांव में पक्की सड़क नहीं है, इसलिए मिट्टी खोदने वाले यंत्रों और खुदाई करने वालों को आसानी से नहीं ले जाया जा सकता. एनडीआरएफ र्किमयों को खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार शाम भूस्खलन स्थल पर खोज व बचाव अभियान रोकना पड़ा था.