वेतन समानता तब हासिल होगी जब हम ‘वंडर वुमन’ जैसी फिल्म बनाएंगे जो ‘पठान’ की तरह हिट होंगी: काजोल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 04 Aug 2023 08:57 PM
वेतन समानता तब हासिल होगी जब हम ‘वंडर वुमन’ जैसी फिल्म बनाएंगे जो ‘पठान’ की तरह हिट होंगी: काजोल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल ने कहा कि जब आप भारतीय दर्शकों के लिए ‘वंडर वुमन’ जैसी हॉलीवुड फिल्म बनाना शुरू करेंगे और यह बॉक्स आफिस पर फिल्म ‘पठान’ की तरह ही अच्छा प्रदर्शन करेगी, तब शायद भारतीय सिनेमा में भी वेतन की समानता दिखेगी. काजोल, जागरण फिल्म महोत्सव (जेएफएफ) 2023 के पहले दिन भाग लेने के लिए राजधानी में मौजूद थीं.

जब उनसे पूछा गया कि फिल्म उद्योग में वेतन की समानता कब हासिल होगी, तो काजोल ने शुरू में चुटकी लेते हुए कहा, “आप किसी ज्योतिषी से पूछो?” उन्होंने आगे कहा कि आज दर्शक “कहीं अधिक शिक्षित” हैं और इसका श्रेय सोशल मीडिया और विभिन्न ‘स्ट्रीमर्स’ द्वारा उपलब्ध कराई जा रही वैश्विक सामग्री को जाता है.

उन्होंने कहा, “भारत प्रगति कर रहा है… वे सोशल मीडिया मंच और ओवर द टॉप (ओटीटी) की बदौलत विभिन्न प्रकार का सिनेमा देखते हैं. हम बेहतर सोच रहे हैं, बेहतर की उम्मीद कर रहे हैं. जब आप भारत के लिए ‘वंडर वुमन’ (जिसमें गैल गैडोट ने अभिनय किया) जैसी फिल्में बनाना शुरू करेंगे और यह ‘पठान’ की तरह ही अच्छा प्रदर्शन करेगी, तब शायद वेतन में समानता आ सकेगी.” काजोल, हाल ही में डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब श्रृंखला “द ट्रायल: प्यार, कानून, धोखा” में नजर आई थी.

जब उनसे उनके दो लोकप्रिय किरदारों फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगी की सिमरन और फिल्म कुछ कुछ होता है की अंजलि में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया तो 48 वर्षीय अभिनेत्री ने अंजिल को चुना. बदलते वक्त के बारे में बात करते हुए काजोल ने कहा कि सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच के कारण फिल्मी हस्तियों ने अपना रहस्य खो दिया है. जेएफएफ का आयोजन तीन अगस्त से छह अगस्त तक राष्ट्रीय राजधानी के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में किया जा रहा है. इसमें दुनिया भर से विविध शैलियों, भाषाओं और विषयों पर आधारित 55 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu