नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि मणिपुर की सरकार द्वारा राज्यपाल अनुसुइया उइके से आग्रह किए जाने के बावजूद विधानसभा का विशेष सत्र नहीं बुलाया गया, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में संवैधानिक तंत्र ध्वस्त हो गया है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘स्वयंभू विश्वगुरु की भूमिका’ में और गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं.
उन्होंने ‘एक्स (पूर्व में ट्विटर)’ पर पोस्ट किया, ”27 जुलाई को मणिपुर की सरकार ने प्रदेश के राज्यपाल से अगस्त के तीसरे सप्ताह में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया था. चार अगस्त को राज्यपाल से एक बार फिर विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया गया है, लेकिन इस बार एक निश्चित तिथि यानी 21 अगस्त को सत्र बुलाने के लिए कहा गया. आज 21 अगस्त है और विशेष सत्र नहीं बुलाया गया है. विधानसभा का कोई मानसून सत्र भी नहीं हुआ है.” रमेश ने आरोप लगाया कि यह इस बात का एक और सबूत है कि मणिपुर में संवैधानिक तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो गया है.
उन्होंने दावा किया, ”प्रधानमंत्री अपनी स्वयंभू विश्वगुरु की भूमिका को पुनर्जीवित करने में व्यस्त हैं और गृह मंत्री चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं. मणिपुर के लोगों की पीड़ा लगातार जारी है.” मणिपुर में मंत्रिमंडल के राज्यपाल अनुसुइया उइके से 21 अगस्त से विधानसभा सत्र बुलाने की सिफारिश करने के बावजूद सोमवार को सदन की बैठक नहीं हुई, क्योंकि राज भवन की तरफ से इस संबंध में अभी तक ‘कोई अधिसूचना’ जारी नहीं किए जाने के कारण भ्रम की स्थिति बनी हुई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब पूर्वोत्तर राज्य में जारी हिंसा के बीच विभिन्न दलों से जुड़े कुकी समुदाय के 10 विधायकों ने विधानसभा सत्र में शामिल होने में असमर्थता जताई है.
कांग्रेस ने सनी देओल के बंगले की नीलामी का नोटिस वापस लिए जाने पर सवाल उठाए
कांग्रेस ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और अभिनेता सनी देओल के बंगले की ई-नीलामी संबंधी नोटिस को वापस लिए जाने को लेकर सोमवार को सवाल खड़े करते हुए कहा कि आखिर किसके कहने पर ‘तकनीकी कारणों’ का हवाला देकर यह कदम उठाया गया. बैंक ऑफ बड़ौदा ने 56 करोड़ रुपये की वसूली के लिए देओल की संपत्ति की नीलामी फिलहाल रोक दी है. बैंक ने सोमवार को कहा कि तकनीकी कारणों से प्रक्रिया वापस ले ली गई है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कल दोपहर को देश को पता चला कि बैंक ऑफ बड़ौदा ने भाजपा सांसद सनी देओल के जुहू स्थित आवास को ई-नीलामी के लिए रखा है, क्योंकि उन्होंने बैंक को 56 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया है. आज सुबह 24 घंटे से भी कम समय में देश को पता चला कि बैंक ऑफ बड़ौदा ने ‘तकनीकी कारणों’ से नीलामी नोटिस वापस ले लिया है.” उन्होंने सवाल किया, “आखिर इन ‘तकनीकी कारणों’ का हवाला देने के लिए किसने प्रेरित किया?”
बैंक की ओर से रविवार को जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा गया था कि बैंक मुंबई के टोनी जुहू इलाके में गांधीग्राम रोड पर स्थित सनी विला की संपत्ति कुर्क करेगा. नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 51.43 करोड़ रुपये और 5.14 करोड़ रुपये की बयाना राशि तय की गई थी. ऑनलाइन माध्यम से 25 अगस्त को यह नीलामी की जानी थी.