जयपुर. केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) नीत पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी लेकिन केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी नीत सरकार बनने के बाद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
केन्द्रीय मंत्री यहां बिड़ला सभागार में भाजपा के युवा प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. केन्द्रीय खेल मंत्री ने युवाओं से आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को वोट देने को कहा ताकि यहां ‘डबल इंजन’ सरकार बने और त्वरित विकास हो. उन्होंने कहा, ”नौ साल पहले जब केन्द्र में मनमोहन सिंह नीत की सरकार थी तब अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी. भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी. मोदी नीत सरकार के आने के बाद चारों तरफ विकास हुआ, सरकार ने ईमानदारी से काम किया, देश को कोरोना संकट से बाहर निकाला और देश को दसवीं से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया.”
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस राज में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार से राजस्थान की छवि खराब हुई है. उन्होंने गहलोत शासन को “गह-लूट शासन” भी कहा. उन्होंने कहा कि ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ की बात करने वाली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, महिलाओं के खिलाफ अपराध होने पर राजस्थान नहीं आती हैं.
उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला अपराध, किसान कर्जमाफी तथा भ्रष्टाचार को लेकर राज्य की कांग्रेस नीत सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर है, महिलाओं, दलितों के खिलाफ अपराध और सांप्रदायिक घटनाएं बढ़ी हैं और हर तीन में से एक युवा बेरोजगार है. ठाकुर ने पार्टी के युवा प्रतिनिधियों से घर-घर जाकर पार्टी के लिए वोट मांगने को कहा ताकि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार बन सके. सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और अन्य नेता भी मौजूद थे.
‘गह लूट’ की सरकार से राजस्थान को मुक्ति दिलानी है : अनुराग ठाकुर
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) नीत पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी लेकिन केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार बनने के बाद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. केन्द्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में बढ़ते अपराधों और भ्रष्टाचार के कारण राजस्थान की छवि खराब हुई है और वर्तमान में यहां “गह-लूट” की सरकार है.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में ठाकुर ने कहा, ”कांग्रेस केन्द्र में दस साल सरकार चलाने के बाद भी दसवें नंबर की… लड़खड़ाती चरमराती अर्थव्यवस्था छोड़कर गई थी. नरेन्द्र मोदी जी की सुशासन और विकास वाली सरकार ने (देश को) दस साल में पांचवें नंबर की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया.” मंत्री ने कहा, ”… और प्रण व प्रतिज्ञा भी ली है कि जैसे ही मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे हम देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देंगे. ये है सुशासन व विकास की यात्रा.” राजस्थान में कानून व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलितों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के अनेक मामले आपको देखने को मिलेंगे.
उन्होंने कहा, ”शायद इस सरकार में दलित परिवारों की सुनी नहीं जाती, उनकी महिलाओं-बच्चों की चीख पुकार, राजस्थान के मुख्यमंत्री और उनके सरकार के कानों तक नहीं पहुंचती है.” कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए ठाकुर ने कहा, ”भीलवाड़ा में 15 साल की नाबालिग (बच्ची) से सामूहिक दुष्कर्म हुआ. बांसवाड़ा में राहुल गांधी जी आकर चले जाते हैं, मुख्यमंत्री जी आकर चले जाते हैं, लेकिन भीलवाड़ा नहीं जाते हैं. लड़की हूं, लड़ सकती हूं… लेकिन राजस्थान की ओर मुंह नहीं कर सकती…राजस्थान की महिलाओं के लिए आवाज नहीं उठा सकती… दलितों पर हो रहे अपराध अत्याचार के खिलाफ आवाज नहीं उठा सकती… आखिर वह लड़की हूं लड़ सकती हूं कहां पर हैं?”
ठाकुर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा दिए गए नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के संदर्भ में बोल रहे थे. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से कुछ महीनों पहले सामूहिक बलात्कार की दो घटनाएं… हाथरस और उन्नाव.. हुई थीं. केन्द्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राजस्थान की सरकार अपराधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के बजाय घटनाओं को दबाने का काम करने में लगी रहती है.
उन्होंने कहा कि ”यह लूट, लूट, लूट और गह लूट की सरकार जो है इससे लोग मुक्ति चाहते हैं.” ठाकुर ने इससे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा राजस्थान द्वारा आयोजित “युवा प्रतिनिधि सम्मेलन” को संबोधित किया. सम्मेलन में भी उन्होंने कहा, ”प्रदेश के युवाओं ने ठान लिया है कि गह लूट की सरकार को उखाड़ फेंकना है. भय, भ्रम और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी राजस्थान की ये कांग्रेस की सरकार, यह गह लूट सरकार, इनकी लूट से मुक्ति दिलानी है.”
उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी जितना मर्जी लेह लद्दाख जा सकते हैं. जितना मर्जी कश्मीर में प्रियंका गांधी के साथ बर्फ के गोलों से खेल लीजिए, हमें उसमें कोई गुरजे नहीं… आप तो अपनी सरकारों के समय कश्मीर भी नहीं जा पाते थे… ये मोदी की सरकार आई और आपके नाना पंडित (जवाहर लाल) नेहरू द्वारा देश को दिए गए जख्म, अनुच्छेद 370 का सदा-सदा के लिए इलाज कर दिया.” सम्मेलन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी विजया रहाटकर व भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अंकित ‘चेची’ ने संबोधित किया.