नयी दिल्ली. कांग्रेस ने चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की बेमिसाल उपलब्धि करार देते हुए बुधवार को कहा कि यह किसी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प का नतीजा है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की सॉफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की. भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है. पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ को इसरो की शानदार उपलब्धि करार देते हुए बुधवार को कहा कि यह सफलता वैज्ञानिक समुदाय की प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”1962 में शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज चंद्रयान-3 के रूप में एक नई ऊंचाई तय की. पूरा देश आज भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की इस गौरवशाली यात्रा पर गर्व महसूस कर रहा है. सभी देशवासियों के लिए खुशी का क्षण है. सभी वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं. जय हिन्द, जय भारत.”
वहीं, पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में कहा, ”आज हम जो सफलता देख रहे हैं वो एक सामूहिक संकल्प, एक सामूहिक कामकाज है, एक सामूहिक टीम के प्रयास का नतीजा है. यह सिस्टम का नतीजा है, एक व्यक्ति का नहीं है.” उन्होंने कहा, ”पिछले कुछ वर्षों में इसरो की जो साझेदारी है, जो भागीदारी है – अलग-अलग शिक्षा के संस्थान हैं, निजी क्षेत्र की छोटी-छोटी कंपनियां हैं, जिन्हें आज स्टार्टअप्स कहते हैं, उनके साथ जो भागीदारी का कार्यक्रम इसरो की तरफ से हुआ है, उसका भी असर हम देख रहे हैं. आज का क्षण हमारे लिए बहुत ही गर्व का क्षण है और हम इसरो को सलाम करते हैं.”
चंद्रयान की सफल ‘लैंडिंग’ देश के लिए बड़ी उपलब्धि: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ को ऐतिहासिक और देश के लिए बड़ी उपलब्धि करार दिया तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को बधाई दी.
केजरीवाल ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ”यह ऐतिहासिक है. देश के लिए बड़ी उपलब्धि है. हम सबके लिए गर्व की बात है. चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, इसरो के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई. भारत माता की जय.”
चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ वैज्ञानिक समुदाय की प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की शानदार उपलब्धि करार देते हुए बुधवार को कहा कि यह सफलता वैज्ञानिक समुदाय की प्रतिभा और कड़ी मेहतन का परिणाम है.
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”आज की शानदार उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई. चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है.” उन्होंने यह भी कहा, ”1962 के बाद से भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढि.यों को प्रेरित कर रहा है.”