NIA ने लिट्टे को फिर से जिंदा करने के आरोप में एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 25 Aug 2023 09:37 PM
NIA ने लिट्टे को फिर से जिंदा करने के आरोप में एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. एनआईए ने आतंकवादी संगठन लिब्रेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) को फिर से जिंदा करने की कथित साजिश के सिलसिले में तमिलनाडु से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रमुख साजिशकर्ता लिंगम ए. उर्फ ‘आदि लिंगम’ समेत इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. एनआईए ने पिछले साल जुलाई में मादक पदार्थों और हथियारों के अवैध कारोबार का मामला दर्ज किया था.

प्रवक्ता ने कहा, “चेन्नई निवासी लिंगम दूसरे आरोपी गुणशेखरन का करीबी सहयोगी है और वह भारत व श्रीलंका में ‘मादक पदार्थों तथा हथियारों के व्यापार से अर्जित धन’ को वैध बनाने के लिए गुणशेखरन के अवैध लेनदेन में बेनामी के रूप में काम करता था.” प्रवक्ता ने कहा, “लिंगम ने भारत में अपने अवैध प्रवास को वैध बनाने के प्रयास में रैकेट के सदस्यों के लिए जाली पहचान दस्तावेज भी बनाए थे.” अधिकारी ने कहा कि मामले से संबंधित सभी आरोपी भारत और श्रीलंका में सक्रिय तौर पर अवैध तरीके से मादक पदार्थों का कारोबार कर रहे थे.

प्रवक्ता ने कहा, “वे दोनों देशों में लिट्टे को फिर से जिंदा करने के लिए मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित धन का उपयोग हथियार जुटाने में कर रहे थे.” अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला है कि अवैध मादक पदार्थ हाजी सलीम नाम के व्यक्ति से लिए गए थे, जिसके पाकिस्तान में होने का संदेह है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu