भाजपा ने मध्य प्रदेश को दलितों पर अत्याचार की ‘प्रयोगशाला’ बनाया : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Aug 2023 06:26 PM
भाजपा ने मध्य प्रदेश को दलितों पर अत्याचार की ‘प्रयोगशाला’ बनाया : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश के सागर में एक दलित व्यक्ति की कथित हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने राज्य को दलितों पर अत्याचार की ”प्रयोगशाला” बना दिया है.

खरगे ने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सत्ता में नहीं लौट पाएगी क्योंकि लोग समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के खिलाफ अत्याचार का उसे जवाब देंगे. मीडिया में आई खबरों के अनुसार, सागर जिले में 18 वर्षीय दलित किशोर की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. ये लोग किशोर पर इस बात का दबाव बना रहे थे कि वह अपनी बहन को उसके द्वारा 2019 में दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले को वापस लेने के लिए राजी करे.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा. सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) जी मध्य प्रदेश में दलितों एवं आदिवासियों पर लगातार होते उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते.” उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना ”गुनाह छिपाने” की कोशिश करते हैं.

खरगे ने कहा, ”भाजपा ने मध्य प्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना दिया है. भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों की दर सबसे अधिक है, जो राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है.” उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का स्पष्ट रूप से जिक्र करते हुए कहा, ”मोदी जी, इस बार मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली. समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा. भाजपा की विदाई निश्चित है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu