कुछ और राजनीतिक दल ‘इंडिया’ में शामिल होंगे : नीतीश कुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Aug 2023 06:37 PM
कुछ और राजनीतिक दल ‘इंडिया’ में शामिल होंगे : नीतीश कुमार
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि मुंबई में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की आगामी बैठक के दौरान कुछ और राजनीतिक दलों के इसमें शामिल होने की संभावना है. भाजपा के विरोधी दलों को साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे नीतीश ने ‘इंडिया’ से जुड़ने वाले संभावित दलों के नामों का खुलासा नहीं किया, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि बैठक के दौरान सीट-बंटवारे जैसे चुनाव संबंधी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

पटना में पत्रकारों से मुखातिब नीतीश ने कहा, “हम मुंबई में आगामी बैठक के दौरान अगले साल होने वाले आम चुनाव को लेकर ‘इंडिया’ की रणनीति पर चर्चा करेंगे. सीट-बंटवारे जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और कई अन्य एजेंडों को अंतिम रूप दिया जाएगा. कुछ और राजनीतिक दल हमारे गठबंधन में शामिल होंगे.ह्व उन्होंने कहा, “मैं 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को एकजुट करना चाहता हूं. मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं… मुझे अपने लिए कोई इच्छा नहीं है.”

लोकसभा चुनाव में केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए गठित 26 दलीय विपक्षी गठबंधन की एक महीने से भी कम समय में दो बार बैठक हो चुकी है. विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक 23 जून को पटना में और दूसरी बैठक 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में हुई थी. ‘इंडिया’ 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में अपनी तीसरी बैठक आयोजित करने के लिए तैयार है.

इस बीच, नीतीश ने पटना के बेली रोड पर हड़ताली मोड़ के पास लोहिया पथ चक्र के निर्माण कार्य का जायजा लिया और भरोसा दिलाया कि यह परियोजना दुर्गा पूजा से पहले पूरी हो जाएगी. उन्होंने कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से इस परियोजना की निगरानी कर रहा हूं. इसे दुर्गा पूजा से पहले पूरा कर लिया जाएगा. इसके पूरा होने से इलाके में यातायात की आवाजाही आसान हो जाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu