राजग बैठक में शामिल हुए कुछ राजनीतिक दल ‘इंडिया’ समूह के साथ सम्पर्क में: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Aug 2023 07:18 PM
राजग बैठक में शामिल हुए कुछ राजनीतिक दल ‘इंडिया’ समूह के साथ सम्पर्क में: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नागपुर. कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में हिस्सा लेने वाले 38 दलों में से चार से पांच दल ‘इंडिया’ गठबंधन से संपर्क में हैं और उनमें से कुछ आने वाले दिनों में विपक्षी गुट में शामिल होंगे.

शर्मा ने यह भी कहा कि एक सितंबर को मुंबई में होने वाली ‘इंडिया’ समूह की आगामी बैठक में कुछ बहुत महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे. उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित राजग की बैठक में हिस्सा लेने वाले 38 दलों में से कम से कम 4 से 5 राजनीतिक दल ‘इंडिया’ गठबंधन के संपर्क में हैं. उनमें से कुछ के बहुत जल्द विपक्षी गुट में शामिल होने की उम्मीद है, जबकि कुछ (2024) चुनावों से पहले शामिल होंगे.” राजग की बैठक पिछले महीने दिल्ली में हुई थी और इसमें कम से कम 38 दलों ने हिस्सा लिया था.

शर्मा ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया कि क्या कांग्रेस महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी का नेतृत्व करेगी जिसमें तीन दल शामिल हैं. उन्होंने कहा, ”देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, यह महत्वपूर्ण नहीं है कि नेतृत्व कौन करेगा, बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि हम सब मिलकर, एक मजबूत ताकत के रूप में, इस अहंकारी सरकार को कैसे हटा सकते हैं.”

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में कोई भी नेतृत्व कर सकता है लेकिन कांग्रेस देश में सभी को एकजुट करने के लिए सभी राज्यों में मजबूत ताकत के रूप में काम करेगी. शर्मा ने कहा, ”वर्ष 2024 भारत का है.” उन्होंने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछना चाहता हूं कि वह हाल की कैग रिपोर्ट और एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) तथा स्वास्थ्य एवं बीमा क्षेत्रों में सामने आए भ्रष्टाचार की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच का आदेश कब देंगे.” यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से अमेठी से चुनाव लड़ेंगे, शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा क्षेत्र से पारंपरिक रूप से गांधी परिवार चुनाव लड़ता रहा है और स्थानीय लोगों के उनके साथ परिवारिक संबंध हैं.

उन्होंने कहा, ”अमेठी के लोग हमेशा चाहते हैं कि गांधी परिवार का कोई व्यक्ति वहां से चुनाव लड़े. अमेठी से कौन चुनाव लड़ेगा, यह फैसला राहुल गांधी और उनके परिवार का होगा. इस पहलू पर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं किया गया है.” वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी ने अमेठी सीट से राहुल गांधी को हरा दिया था. शर्मा ने कहा, ”यह निश्चित है कि अगर कांग्रेस का कोई ब्लॉक स्तर का अध्यक्ष भी अमेठी से चुनाव लड़ता है तो भी ईरानी हार जाएंगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu