हिंगोली. शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तुलना ”अमीबा” से करते हुए कहा कि भाजपा नीत इस गठबंधन का कोई निश्चित आकार नहीं है. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को ”घमंडिया” और ”इंडियन मुजाहिदीन” बताने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रहार करते हुए ठाकरे ने कहा कि राजग को ”घम-राजग” (घमंडी राजग) कहा जाना चाहिए.
महाराष्ट्र के हिंगोली में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव से यह स्पष्ट करने की भी मांग की कि वह ‘इंडिया’ गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का.
ठाकरे ने कहा, ”इंडिया गठबंधन में राष्ट्रवादी दल हैं जो देश में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहते हैं. लेकिन राजग के अधिकतर दलों में गद्दार और ऐसे लोग हैं जो अन्य दलों को तोड़कर सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ हो गए हैं.” उन्होंने कहा, ”वर्तमान राजग अमीबा की तरह है जिसका कोई निश्चित आकार नहीं होता. इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा.” महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने बीआरएस प्रमुख राव से यह तय करने को कहा कि वह देश की खातिर लड़ रहे हैं या भाजपा का समर्थन कर रहे हैं.
उन्होंने महाराष्ट्र की चुनावी राजनीति में कदम रखने की बीआरएस की चेष्टा का जिक्र करते हुए कहा, ”यदि आप देश के साथ हैं तो आप इंडिया गठबंधन से जुड़ जाइए या फिर खुलेआम भाजपा के साथ हाथ मिलाने की घोषणा कीजिए. मतों को मत बांटिए.” शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने कहा कि बीआरएस को पहले अपना आंगन ठीक करने पर ध्यान देना चाहिए जो अच्छी स्थिति में नहीं है.
उन्होंने लोगों से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा करने के लिए इंडिया गठबंधन से जुड़ने की अपील की.
ठाकरे ने कहा, ”विपक्षी गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नहीं, बल्कि देश की खातिर एकजुट हुआ है.” उन्होंने अहमदाबाद में आगामी विश्व कप में भारत-पाकिस्तान क्रिक्रेट मैच होने देने को लेकर भी भाजपा सरकार की आलोचना की. ‘इंडिया’ गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को होगी. ठाकरे 31 अगस्त को इसके नेताओं को भोज देंगे.