नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के दो नेताओं ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अरविंद केजरीवाल के नाम की बुधवार को हिमायत की, लेकिन पार्टी के उनके सहयोगी आतिशी और संजय सिंह ने इस बात से इनकार किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की इस तरह की कोई आकांक्षा है.
आप की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में केजरीवाल ने ऐसा ‘मॉडल’ दिया है जिससे पूरे देश को लाभ मिल सकता है. वह विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रही थी.
कक्कड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”एक प्रवक्ता के तौर पर मैं हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव करना चाहूंगी.” उन्होंने कहा, ह्लउन्होंने (केजरीवाल ने) एक ऐसा मॉडल दिया है जिससे लोगों को फायदा पहुंचता है. मैं चाहूंगी कि ऐसा हो लेकिन फैसला मेरे हाथ में नहीं है.ह्व आप के दिल्ली संयोजक और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि आप का हर सदस्य प्रधानमंत्री पद पर केजरीवाल को देखना चाहता है, लेकिन इस बारे में फैसला ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी सदस्यों द्वारा ही लिया जाएगा.
यह पूछे जाने पर कि क्या आप प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव करेगी, इस पर उन्होंने कहा, ”प्रस्ताव करने जैसा कुछ नहीं है. हम उसका हिस्सा हैं, अरविंद केजरीवाल गठबंधन का हिस्सा हैं.” ये टिप्पणियां विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई में होने वाली बैठक से एक दिन पहले आयी हैं. बैठक में विपक्षी नेताओं के 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए संयुक्त प्रचार रणनीति तथा अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को दूर करने पर चर्चा किए जाने की संभावना है. आतिशी ने कहा कि केजरीवाल प्रधानमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं.
कक्कड़ की टिप्पणियों पर एक सवाल के जवाब में दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा, ”मैं आधिकारिक रूप से कह रही हूं कि अरविंद केजरीवाल देश के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हैं.” आतिशी ने कक्कड़ की टिप्पणियों को उनके निजी विचार बताते हुए कहा, ”वह संविधान, लोकतंत्र और देश की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुए हैं.” आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी आतिशी की हां में हां मिलते हुए कहा कि केजरीवाल देश बचाने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल हुए हैं.
सिंह ने कहा, ह्ल ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होने का अरविंद केजरीवाल का लक्ष्य, उद्देश्य और इरादा इस देश को बचाना है. उनका लक्ष्य प्रधानमंत्री बनना नहीं है. वह प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हैं.ह्व पिछले साल ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में केजरीवाल की हिमायत की थी. उन्होंने कहा था, ”एक मौका केजरीवाल को’, यह राष्ट्रीय स्तर की चर्चा का विषय बन गया है.” सिसोदिया ने कहा था, ”लोग केजरीवाल को 2024 में नरेन्द्र मोदी के विकल्प के रूप में देखते हैं क्योंकि वह (केजरीवाल) स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की बात करते हैं.”