जैन मंदिर पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 09:14 PM
जैन मंदिर पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

दमोह. मध्य प्रदेश पुलिस ने दमोह जिले में एक जैन मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. हालांकि, बाद में सिंह ने उक्त पोस्ट हटा दी.

राज्यसभा सदस्य सिंह ने 27 अगस्त को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट में दावा किया था कि ”बजरंग दल के कुछ कथित असामाजिक तत्वों” ने 26 अगस्त की रात कुंडलपुर (दमोह में) में जैन मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की और वहां एक शिव पिंडी रखी.

सिंह ने इस पोस्ट को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को टैग किया. हालांकि, बाद में उन्होंने पोस्ट हटा दी.
दमोह के पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी ने कहा कि एक शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कुंडलपुर जैन मंदिर पर पोस्ट के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), धारा 177 (झूठी जानकारी देना) और धारा 505 (2)(सार्वजनिक उत्पात फैलाने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया है.

उन्होंने कहा कि उप-विभागीय मजिस्ट्रेट और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा कुंडलपुर जैन मंदिर की मौके पर की गई जांच के बाद घटना ”बिना तथ्य वाली और भ्रामक” पाई गई. कुंडलपुर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकुमार बजाज ने भी मंदिर में ऐसी घटना से इनकार किया है.

बजरंग दल के शहर संयोजक शंभू विश्वकर्मा ने कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुंडलपुर मंदिर परिसर के बारे में सिंह की ”भ्रामक” पोस्ट के खिलाफ पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. उन्होंने कहा, ”सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu