मुरैना के एक कारखाने में संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आकर पांच श्रमिकों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 09:25 PM
मुरैना के एक कारखाने में संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आकर पांच श्रमिकों की मौत
ऑडियो सुनें

मुरैना. जिले में स्थित एक खाद्य प्रसंस्करण कंपनी में बुधवार को कारखाने से निकली संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन भाइयों सहित पांच श्रमिकों की मौत हो गई. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी घटना जिले के धनेला इलाके में स्थित साक्षी फूड प्रोडक्ट्स के कारखाने में हुई.

सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) भूपेन्द्र सिंह कुशवाह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पूर्वाह्न (सुबह) करीब 11 बजे खाद्य प्रसंस्करण कारखाने के एक टैंक से गैस निकलने लगी, जिसकी जांच करने के लिए दो मजदूर उसमें घुसे लेकिन उसकी चपेट में आकर वे बीमार हो गए. उन्होंने बताया कि इसके बाद तीन और मजदूर गैस की चपेट में आकर प्रभावित हुए.

कुश्वाह ने बताया कि सभी श्रमिकों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां सिविल सर्जन गजेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया. कारखाने में खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले चेरी और शुगर फ्री रसायन का निर्माा होता है.

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान भाई रामअवतार गुर्जर (35), रामनरेश गुर्जर (40), वीर सिंह गुर्जर (30), गणेश गुर्जर (40) और गिर्राज गुर्जर (28) रूप में हुई है. ये लोग टिकटोली गांव के निवासी थे. घटना के बाद जिला प्रशासन ने कारखाने को खाली करा दिया है और आगे की जांच की जा रही है. एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रमिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu