विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को हरा देगा: राहुल गांधी

नयी दिल्ली/मुंबई/चेन्नई.  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पराजित कर देगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का आ”ान कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि अंग्रेज भी अपने सुनहरे दिनों में पार्टी को खत्म करने में विफल रहे थे. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे को तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी दोहराएगी.

कांग्रेस ने कर्नाटक में इस साल मई में हुए विधानसभा चुनावों में जबरदस्त जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया था. मुंबई के तिलक भवन में महाराष्ट्र कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, गांधी ने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी से ”डरे हुए” हैं.

गांधी ने कहा, ”मीडिया में लोगों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ताकत नहीं है, लेकिन कर्नाटक में भाजपा को किसने हराया.” उन्होंने कहा, ”कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे को तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ (जहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं) में भी दोहराया जायेगा. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ राष्ट्रीय चुनावों में भाजपा को हराने जा रहा है और कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतेगी.”

कांग्रेस सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में विभाजित नहीं हुई, क्योंकि यह विचारधारा पर आधारित पार्टी है. कांग्रेस के दो सहयोगी दलों, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पिछले एक साल में राज्य में विभाजन देखा और उनके कुछ विधायकों ने भाजपा के साथ हाथ मिला लिया था. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि महाराष्ट्र में भाजपा का सफाया हो जाएगा. महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीट हैं.

राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई आये थे. केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य ने महाराष्ट्र को कांग्रेस पार्टी का ”केंद्र” कहा क्योंकि इसकी स्थापना 1885 में मुंबई में हुई थी.

गांधी ने कहा कि मोदी ने ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का आ”ान किया था, लेकिन तत्कालीन ”सुपर पावर इंग्लैंड” भी देश से पार्टी का सफाया नहीं कर सका था. उन्होंने कहा कि इसके बजाय कांग्रेस, जिसने स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया था, ने उन्हें देश से भगा दिया.

अडाणी समूह के खिलाफ ताजा आरोपों का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा, “मोदी जी सोचते हैं कि अडाणी जी के साथ उनके संबंध कांग्रेस को खत्म कर देंगे. उन्हें लगता है कि अडाणी जी का पैसा कांग्रेस पार्टी को समाप्त कर देगा.” उन्होंने मुंबई की विशाल झुग्गी बस्ती धारावी के पुर्निवकास को लेकर अडाणी समूह पर निशाना साधा, जिसके लिए समूह ने निविदा हासिल की है. गांधी ने कहा, ”इन लोगों को पता ही नहीं है कि धारावी क्या है और वहां के लोग क्या हैं. कांग्रेस पार्टी उन्हें बताएगी कि धारावी क्या है. उन्हें लगता है कि असली भारत, गरीबों का भारत मिटाया जा सकता है. लेकिन इसे मिटाया नहीं जा सकता.” कांग्रेस ने अडाणी समूह द्वारा धारावी के पुर्निवकास का विरोध किया है.

‘इंडिया’ को ‘घमंडिया’ कहना भाजपा का अहंकार: पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को “घमंडिया” कहे जाने से अहंकार झलकता है. विपक्ष की दो-दिवसीय बैठक के समापन के बाद पवार ने संवाददाताओं से कहा, ”कौन घमंडिया हैङ्घ जो लोग हमारा मिलना-जुलना भी पसंद नहीं करते.” पूर्व केंद्रीय मंत्री का कहना था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने देश के लोगों को एक विश्वसनीय विकल्प पेश किया है. उन्होंने कहा, “हम कभी कुछ गलत नहीं करेंगे. हम गलत पक्ष लेने वालों को सही रास्ते पर लाने का प्रयास करेंगे, लेकिन हम उन लोगों को किनारे करने में संकोच नहीं करेंगे, जो सही रास्ता अपनाने से इनकार करते हैं.”

न्यूनतम साझा कार्यक्रम विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का चेहरा होगा : स्टालिन

द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के साझेदारों से तुरंत एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम (सीएमपी) तैयार करने का आग्रह किया और कहा कि यह गठबंधन का चेहरा होगा. स्टालिन ने कहा कि भाजपा की सत्ता से विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह इस बात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हैं कि वह (मोदी) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए ”प्रचार अधिकारी” जैसी भूमिका निभा रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”भाजपा शासन के नौ वर्षों में कोई उपलब्धि नहीं है. यह सरकार दिन प्रति दिन अलोकप्रिय होती जा रही है जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन लोकप्रिय होता जा रहा है.” मुंबई में विपक्ष की बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि एक सीएमपी तैयार किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”यह (सीएमपी) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का चेहरा होगा. भाजपा सरकार ने देश को कई तरीकों से बर्बाद कर दिया है. इसे (सीएमपी) लोगों के सामने एक खाका की तरह पेश करना चाहिए जिसमें यह बताया जाए कि बदलाव करने के लिए हमारा इरादा क्या है.” द्रमुक नेता ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को एक ”निरंकुश शासन” को उखाड़ फेंकने और लोकतंत्र की स्थापना के लिए आवश्यक नीतियों और आदर्शों का पता लगाना चाहिए और विपक्षी गुट को ऐसे आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए.

स्टालिन ने कहा, ”हमारा पहला उद्देश्य भाजपा शासन को उखाड़ फेंकना और केंद्र में धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक ताकतों की सरकार स्थापित करना है. भाजपा को अलग-थलग करने के लिए, जहां तक संभव हो, भाजपा विरोधी पार्टियों को गठबंधन में शामिल करना चाहिए.” उन्होंने दावा किया कि जब एकमात्र लक्ष्य भारतीय लोकतंत्र की रक्षा करना है, तो ”इसमें कोई संदेह नहीं है कि भाजपा हार जाएगी.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button