भुवनेश्वर. ओडिशा के अंगुल जिले के भरतपुर में शुक्रवार को तालचर विधायक ब्रज किशोर प्रधान (बीजद) के कैंप कार्यालय के पास टाइमर लगा एक बम मिला. यह जानकारी पुलिस ने दी. तालचर उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मानस रंजन बारीक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिलने के बाद तुंरत मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया.
उन्होंने कहा, “बम निरोधक दस्ते ने अंगुल के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम को नि्क्रिरय कर दिया. बम में एक टाइमर लगा हुआ था. आगे की जांच के लिए, हम इसे प्रयोगशाला भेजेंगे और पता लगाएंगे कि बम के अंदर कोई विस्फोटक सामग्री है या नहीं.” पुलिस विधायक के कैंप कार्यालय के आसपास के इलाके की जांच कर रही है कि क्या ऐसी कोई अन्य वस्तु भी वहां रखी गई है. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए भी जांच चल रही है.
यह घटना ऐसे दिन हुई, जब अंगुल जिले में बीजू जनता दल (बीजद) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 की खराब स्थिति के विरोध में सड़क पर यातायात को बाधित करने का आ”ान किया था. प्रधान और उनके समर्थकों का कार्यालय परिसर से एक रैली निकालने का कार्यक्रम था. पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने बम को देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी. प्रधान ने आरोप लगाया कि विरोध रैली को बाधित करने के लिए बम लगाया गया होगा.