वोटबैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के लिए सनातन धर्म का अपमान किया गया : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Sep 2023 07:47 PM
वोटबैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के लिए सनातन धर्म का अपमान किया गया : शाह
ऑडियो सुनें

डूंगरपुर. गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन की ‘सनातन धर्म’ के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा और उन पर वोटबैंक तथा तुष्टीकरण की राजनीति के लिए ‘सनातन धर्म’ का अपमान करने का आरोप लगाया.

शाह ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे सहित द्रमुक नेता कह रहे हैं कि ‘सनातन धर्म’ को समाप्त कर दिया जाना चाहिए.
डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम में भाजपा की दूसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरूआत के मौके पर आयोजित एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि इन लोगों ने वोट बैंक की और तुष्टिकरण की राजनीति करने के लिये सनातन धर्म को समाप्त करने की बात की है.. हमारी संस्कृति..हमारे इतिहास और सनातन धर्म का अपमान किया है.

उन्होंने कहा ”(पूर्व प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह ने कहा था बजट पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है…हम कहते हैं कि बजट पर पहला अधिकार गरीबों का, आदिवासियों का दलितों का और पिछडों का है. इन्होंने वोट बैंक की लालच में अल्पसंख्यकों का पहला अधिकार सिद्ध कर दिया.” बेणेश्वर धाम जो आदिवासियों का तीर्थ है. यह तीन नदियों – सोम, माही और जाखम – के संगम पर स्थित है और बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीमा पर स्थित है. यह आदिवासियों का तीर्थ है.

शाह ने कहा, ”राहुल गांधी ने कहा जो हिन्दू संगठन हैं वो लश्कर ए तैयबा से भी खतरनाक है. राहुल बाबा आप हिन्दू संगठनो का (आतंकवादी संगठन) लश्कर के साथ तुलना करते हो और आपके गृहमंत्री कहते थे कि हिन्दू आतंक चल रहा है.” उन्होंने कहा, ”आतंक के साथ हिन्दू का नाम जोड़ना..यह इंडिया गठबंधन, यह घमंडिया गठबंधन, वोट बैंक की राजनीति करने के लिये, तुष्टिकरण की राजनीति करने के लिये किसी भी स्तर पर जा सकते हैं. मगर अब मैं उनको कहने आया हूं जितना आप बोलोगे उतने ही कम होते जाओगे.”

उन्होंने कहा, ”आज कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष कहते हैं मोदी जी जीतेंगे तो सनातन का राज आयेगा. सनातन का राज लोगों के दिल में है, उसको कोई हटा नहीं सकता और मोदी जी ने कहा है कि यह देश भारत के संविधान के आधार पर चलेगा. मोदी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है.

अयोध्या में राम मंदिर के बारे में उन्होंने कहा, ”इस घंमडिया गठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस ने सालों तक राम मंदिर को रोक कर रखा. आजादी के 75 साल हो गये रामलला टेंट में बैठे थे.. मोदी जी को आपने दोबारा प्रधानमंत्री बनाया .. मोदी जी ने उच्चतम न्यायालय से फैसला आने के बाद उन्होंने इसका भूमि पूजन कर दिया.” उन्होंने कहा, ”जनवरी महीने में उसी भूमि पर जहां प्रभु श्री राम का जन्म हुआ था, वहीं भव्य राम मंदिर बन कर तैयार होने वाला है.”

उन्होंने कहा ”यह घमंडिया (इंडिया) गठबंधन (मंदिर बनने से) रोक नहीं सकता.. इंडिया गठबंधन .. कांग्रेस उसको (मंदिर निर्माण) रोक नहीं सकते.. अरे बहुत रोक लिया आपने जितना रोकना था, वो रोक लिया अब नरेन्द्र मोदी जी का राज है आप इसको रोक नहीं सकते .” शाह ने कहा कि ”संप्रग पर 12 लाख करोड़ का धब्बा लगा है..भ्रष्टाचार लगा है और साथ में मन में अहंकार है कि हमारे बिना देश में काम कौन कर सकता है.. राज कौन कर सकता है.. उनका यह अहंकार घमंड है कि देश में राज केवल और केवल गांधी परिवार कर सकता है और मोदी जी तो गरीब मां के पेट से जन्मा हुआ चाय बेचने वाले का गरीब बेटा है, ये लोग सहन नहीं कर पा रहे है.” उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार पर भी निशाना साधा.

शाह ने कहा, ”अशोक गहलोत की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी सरकार है, महिला सुरक्षा में विफल सरकार है. महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के लगभग 19 मामले हर दिन आ रहे हैं. अशोक गहलोत न तो हिंसा रोक सकते हैं और न ही दंगे रोक सकते हैं.” उन्होंने गहलोत से एक प्रेस वार्ता कर कर पांच साल में उनकी सरकार द्वारा किये गये कार्यो के बारे में राजस्थान की जनता को हिसाब देने के लिये कहा.
उन्होंने कहा “गहलोत जी, अगर आपमें हिम्मत है तो सार्वजनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस करें और राजस्थान की जनता को बताएं कि आपने पांच साल में घपलो, घोटालों, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण के अलावा और क्या काम किया है.

उन्होंने कहा, ”संप्रग सरकार 10 साल तक केंद्र में रही.. इतने सालों में इस सरकार ने राजस्थान की जनता को क्या दिया, जरा इसका हिसाब दीजिए.” उन्होंने कहा कि गहलोत ‘लाल डायरी’ से डरते हैं और अगर कोई लाल कपड़े पहनता है तो उन्हें लाल डायरी की याद आती है.

उन्होंने कहा, “लाल डायरी में सैकड़ों करोड़ के भ्रष्टाचार का लेखा-जोखा है. इसमें खनन घोटाला, शिक्षक स्थानांतरण घोटाला, कालीसिंध बांध घोटाला का जिक्र है.” उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार के 10 साल में राजस्थान को एक लाख 60 हजार करोड़ रुपये दिए गए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सिर्फ 9 साल में राजस्थान को 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपये दिए.
उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ 19 दिनों में 2,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 52 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान 156 स्थानों पर छोटी सभाएं, 52 स्थानों पर सभाएं और 56 स्थानों पर बड़ी सभाएं करके पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लिया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu