खरगे ने संसद के विशेष सत्र से पहले 5 सितंबर को बुलाई विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों की बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Sep 2023 09:41 PM
खरगे ने संसद के विशेष सत्र से पहले 5 सितंबर को बुलाई विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों की बैठक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. संसद के आगामी विशेष सत्र के लिए अपनी संयुक्त रणनीति पर चर्चा करने के वास्ते विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसद पांच सितंबर को बैठक करेंगे. संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र का एजेंडा अभी तक स्पष्ट नहीं है. सूत्रों ने बताया कि लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों के विपक्षी गठबंधन के सांसद 18 से 22 सितंबर तक के सत्र के लिए अपनी संयुक्त रणनीति तैयार करने के वास्ते बैठक करेंगे.

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यहां राजाजी मार्ग स्थित अपने आवास पर यह बैठक बुलाई है. कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष खरगे ने पांच सितंबर को कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष ने समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों के सांसदों की एक बैठक भी बुलाई है.” उन्होंने कहा कि बैठक में आगामी सत्र के एजेंडे पर चर्चा की जाएगी.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संगठनात्मक मुद्दों और वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए खरगे से उनके आवास पर मुलाकात की. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के घटक दल एकजुट हैं और 2024 के लोकसभा चुनावों के साथ-साथ विभिन्न मोर्चों पर एकजुटता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने की योजना बना रहे हैं. गठबंधन के सहयोगी दलों ने संसद के मानसून सत्र के दौरान भी एकजुटता प्रर्दिशत की थी.

एकजुट रहकर ‘इंडिया’ गठबंधन भाजपा को हराएगा : सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने रविवार को कहा कि एकजुट बने रहना ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए आसान नहीं होगा, लेकिन अगर वह ऐसा करने में कामयाब रहा तो 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को शिकस्त मिलेगी. इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए भारद्वाज ने दावा किया कि कई दल जो भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं, आने वाले दिनों में विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगे.

हालांकि, भाजपा नेता जयवीर शेरगिल ने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी ‘नफरत’ के कारण एक साथ हैं. उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दल कई मुद्दों पर एकमत नहीं हैं. उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन बहुत दिन तक नहीं टिकने वाला है.

इसके जवाब में भारद्वाज ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में सभी दलों को बलिदान देना होगा. उन्होंने कहा, ”इंडिया गठबंधन के लिए एक साथ रहना आसान नहीं है. लेकिन अगर यह एक साथ रहता है, तो मोदी जी फिर से नहीं आएंगे.” उन्होंने कहा, ”कई दल जो डर के कारण राजग के साथ हैं, वे जल्द ही इंडिया (गठबंधन) में शामिल हो जाएंगे.” राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के बीच कई मतभेद होने के बावजूद बुनियादी मुद्दों पर सहमति है.

झा ने कहा, ”मतभेद हैं, इसीलिए हम अलग-अलग दल हैं. अन्यथा, हम एक पार्टी बन गए होते…लेकिन हम बुनियादी मुद्दों पर सहमत हैं.” उन्होंने एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे पर सरकार को अलग-थलग करने का आह्वान किया. साथ ही, लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगरपालिकाओं और पंचायत चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे की पड़ताल और सिफारिश करने के लिए गठित रामनाथ कोविंद के नेतृत्व वाली समिति में शामिल नहीं होने के कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के फैसले का समर्थन किया.

उन्होंने कहा, ”1967 तक हमारे यहां एक राष्ट्र, एक चुनाव था. उसके बाद क्या बदलाव आया. क्षेत्रीय पार्टियां आईं और हर तरफ बिखराव हो गया. क्या आप आज कह सकते हैं कि हमारे पास एक राष्ट्र, एक चुनाव है और कल विधानसभाएं भंग नहीं होंगी या खंडित जनादेश नहीं मिलेगा.” उन्होंने कहा, ”सरकार कई मोर्चों पर अपनी विफलता को छिपाने के लिए यह दिखावा कर रही है. इस समिति पर गौर करिये, उन्होंने पहले ही रिपोर्ट तैयार कर ली है और उस पर कुछ हस्ताक्षर चाहते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu