नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि समानता की अवधारणा प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली और ग्रंथों का हिस्सा है और महिलाओं के अधिकार पुरुषों से कम नहीं हैं. शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में ‘दयानंद स्मृति संवाद’ व्याख्यान देते हुए सिंह ने कहा कि वेदों में गणित, खगोल विज्ञान, चिकित्सा विज्ञान पर समृद्ध ज्ञान का भंडार और लोकतंत्र तथा समानता की आधुनिक अवधारणाएं हैं.
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का आधार वेदों की अवधारणाओं पर बना है और प्राचीन ग्रंथों में जाति व्यवस्था होने का आरोप लगाने वाले लोग गलत हैं. सिंह ने कहा, ”ऐसे लोग अच्छी तरह वेदों को नहीं जानते. वेद भारत की प्राचीन ज्ञान प्रणाली का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनमें जाति के आधार पर नहीं बल्कि कर्म के आधार पर वर्णों का उल्लेख है.”