गुवाहाटी/कोलकाता/भोपाल. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा ‘गांधी’ उपनाम का उपयोग करने की वैधता पर सवाल उठाया और उन्हें ‘सरदार ऑफ डुप्लिकेट्स’ करार दिया. उन्होंने विपक्षी गठबंधन के नाम के रूप में ‘इंडिया’ शब्द का उपयोग करने के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की और दावा किया कि सबसे पुरानी पार्टी अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार ‘इंडिया’ और भारत का उपयोग करती है.
शर्मा ने भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”मैंने उनसे (गांधी परिवार से) कहा है कि आप ‘सरदार ऑफ डुप्लिकेट्स’ हैं. (महात्मा) गांधी जी ने हमें आजादी दिलाई और उन्होंने उपनाम छीन लिया. ये सभी नकली (डुप्लीकेट) गांधी हैं.” उन्होंने कहा, ”मैंने लंबे समय तक शोध किया कि इंदिरा, राहुल, राजीव और प्रियंका किस ‘फॉर्मूले’ से गांधी बने, लेकिन मुझे इस बारे में कुछ नहीं मिला.” उन्होंने कहा कि अगर कोई डाकू गांधी उपनाम का इस्तेमाल करता है तो इससे वह साधु नहीं हो जाएगा.
वर्ष 2015 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले शर्मा ने कहा, ”राहुल गांधी जी से मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृपया अपना नकली उपनाम हटा दें, क्योंकि यह असली नहीं है.” शर्मा ने कांग्रेस पर सत्ता में रहने के दौरान देश के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया और दावा किया कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ही लोगों में देशभक्ति की गहरी भावना पैदा हो रही है.
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ”आप (कांग्रेस) ने ‘इंडिया’ का नाम लेकर बहुत बड़ा पाप किया है क्योंकि आपने भारत का गौरव बढ़ाने के लिए कभी कुछ नहीं किया. आपने केवल अपने परिवार का दबदबा बढ़ाने के लिए काम किया. आपको खुद को ‘इंडिया’ या भारत कहने का अधिकार नहीं है.”
भाजपा कांग्रेस की तुलना में मुसलमानों के लिए ज्यादा काम कर रही है: हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार मुसलमानों के कल्याण के लिए पिछली कांग्रेस सरकारों की तुलना में ज्यादा काम कर रही है. शर्मा ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस मुस्लिम समुदाय को सिर्फ ‘वोट बैंक’ मानती है जबकि भाजपा उन्हें, खासकर, महिलाओं को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए काम कर रही है.
भाजपा के महिला मोर्चे की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन पर शर्मा ने कहा, ह्ल कुछ लोग कहते हैं कि हम मुस्लिम विरोधी हैं. लेकिन मेरे ख्याल से बहु विवाह, (तीन) तलाक, बाल विवाह को रोककर हम मुसलमानों के लिए किसी भी कांग्रेस सरकार की तुलना में अधिक काम कर रहे हैं.ह्व उन्होंने कहा कि असम सरकार बहुविवाह पर रोक लगाने के लिए दिसंबर तक एक कानून लाएगी, जबकि बाल विवाह पर तीव्र कार्रवाई का एक और दौर कुछ दिनों में शुरू किया जाएगा.
शर्मा ने कहा कि इस साल फरवरी में बाल विवाह के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के पहले दौर में पांच हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था और इसे जी20 शिखर सम्मेलन के पूरा होने तक रोक दिया गया था. शर्मा ने कहा कि कई इस्लामी देशों ने “बुरी प्रथाओं” को समाप्त कर दिया है और उन्होंने आरोप लगाया कि जब “हमारा देश ऐसा कोई कदम उठाता है, तो (कांग्रेस नेता) राहुल और सोनिया गांधी इसे अल्पसंख्यकों के खिलाफ कदम बताते हैं.ह्व सनातन धर्म पर तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म जातिवाद का समर्थन नहीं करता और जातिवाद के अंतिम प्रतीकों को भी खत्म किया जा रहा है.
उन्होंने स्टालिन के “दूसरे धर्म” को खत्म करने का आह्वान नहीं करने पर सवाल उठाया जो महिलाओं के खिलाफ भेदभाव करता है और पुरुषों को कई शादी करने की अनुमति देता है. शर्मा ने कहा, ह्ल मैंने उनसे कहा: हिंदू धर्म, इस्लाम, ईसाई धर्म को खत्म करने के बारे में मत बोलो… बल्कि हिंदू धर्म में जातिवाद और इस्लाम में बहुविवाह और (तीन) तलाक को खत्म करो.”
‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं का एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है : शुभेंदु
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता केवल सत्ता हथियाने में रुचि रखते हैं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश की जनता के लिए काम करती है. पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटल में भाजपा की एक बैठक को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेता अवसरवादी हैं और प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में हैं, लेकिन वे देश को एक इंच भी आगे नहीं ले जा सके.
उन्होंने कहा, ”आजादी के बाद से कई प्रधानमंत्री हुए. उनमें से कई अकेले कांग्रेस से थे. उन्होंने देश के लिए क्या किया? भाजपा को छोड़कर किसी ने भी जनता के जीवन में सुधार के लिए काम नहीं किया.” नंदीग्राम विधायक ने कहा, ”इंडिया गठबंधन अपने आंतरिक विरोधाभासों के कारण समाप्त हो जाएगा, बस दिन गिनें.” भाजपा नेता ने कहा कि धूपगुड़ी उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत वास्तविक तस्वीर को प्रतिबिंबित नहीं करती. उन्होंने कहा, ”तृणमूल कांग्रेस ने अपने कम से कम 30,000 वोट खो दिए हैं और अगर वामपंथियों और कांग्रेस के वोट टीएमसी को नहीं गए होते तो परिणाम अलग होते. लोकसभा चुनाव में उत्तर बंगाल के अलग परिणाम होंगे.”
सनातन धर्म की निंदा और अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे : शिवराज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के सहयोगी दल सनातन धर्म को बदनाम कर रहे हैं और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने खरगोन जिले के सेंधवा में शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की.
शिवराज ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन और ए राजा का नाम लिए बगैर कहा, ”सनातन धर्म सबके मंगल और कल्याण की कामना करता है, जबकि कुछ लोग सनातन धर्म को वायरस, डेंगू, मलेरिया और एड्स कह रहे हैं. आज हम सब प्रस्ताव पारित कर रहे हैं कि सनातन धर्म की निंदा और अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
उन्होंने कहा, ”हम सब धर्मों का सम्मान करते हैं. क्या कोई सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त करेगा. कांग्रेस का राजनीति में धर्म को अपमानित करने का षड्यंत्र किसी भी कीमत पर नहीं सफल नहीं होने दिया जाएगा.” शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया सनातन परंपराओं को अपना रही है और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना इस परंपरा का हिस्सा है.