समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर लोकसभा में हंगामा, अध्यक्ष ने कहा कि हुई तकनीकी चूक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 08:35 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में सोमवार को समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विपक्षी दलों के कुछ सदस्यों ने विरोध जताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हस्तक्षेप की मांग की. लोकसभा अध्यक्ष ने इसे तकनीकी चूक बताते हुए जांच कराने की बात कही. लोकसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू होते समय अध्यक्ष बिरला के आसन ग्रहण करने से पहले ध्वनि यंत्रों से राष्ट्रगान की धुन सुनाई देने लगी. इस चूक पर ध्यान जाते ही राष्ट्रगान की धुन को बजाना बंद कर दिया गया.

संसद के किसी भी सत्र के पहले दिन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की धुन के साथ बैठक प्रारंभ होती है. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और बहुजन समाज पार्टी के दानिश अली समेत कुछ सदस्यों को लोकसभा अध्यक्ष के सदन में पहुंचने से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विरोध जताते हुए देखा गया. लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा कि यह इलेक्ट्रॉनिक तकनीकी चूक है और वह इसकी जांच कराएंगे.

हंगामे के बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी कहते सुने गये, ”आप (अध्यक्ष) हमारे संरक्षक हैं. जब आपका अपमान होता है तो हमें अच्छा नहीं लगता.” बिरला ने कहा, ”कोई अपमान नहीं हुआ. तकनीकी चूक है. इस विषय को संज्ञान में लिया गया है और मैं पूरी जांच कराऊंगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu