अयोध्या में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया महिला आरक्षी पर हमले का मुख्य आरोपी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 09:13 PM
अयोध्या में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया महिला आरक्षी पर हमले का मुख्य आरोपी
ऑडियो सुनें

अयोध्या. उत्तर प्रदेश पुलिस ने अयोध्या में एक ट्रेन में महिला आरक्षी (कांस्टेबल) पर हमले के कथित मुख्य आरोपी को शुक्रवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया जबकि दो अन्य आरोपी घायल हो गए. विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”सरयू एक्सप्रेस में महिला आरक्षी पर हमले की घटना का मुख्य आरोपी अनीश खान आज अयोध्या के पूरा कलंदर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बाद में उसने दम तोड़ दिया.” वह हैदरगंज थाना क्षेत्र के दशलावन का रहने वाला था.

कुमार ने कहा, ”उसके दो अन्य साथी आजाद और विशंभर दयाल दुबे भी घायल हो गए तथा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.” उन्होंने बताया कि आजाद दसलावन का ही रहने वाला है जबकि दुबे सुल्तानपुर जिले के कूरेभार का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में पूरा कलंदर के थानाध्यक्ष रतन शर्मा भी घायल हो गए, जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है. गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों ने अनीश खान के साथ मिलकर महिला आरक्षी पर हमले की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

एसटीएफ मुख्यालय से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया कि घटना के मुख्य आरोपी के रूप में अनीश की पहचान कर एक टीम ने बृहस्पतिवार की रात उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया. बयान के मुताबिक स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ की एक टीम ने उसे अयोध्या के इनायत नगर इलाके में एक चौराहे के पास घेर लिया लेकिन अनीश ने अपने सहयोगियों के साथ पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं.

एसटीएफ के मुताबिक अनीश मौके से भागने में सफल रहा, जबकि उसके सहयोगी आजाद और विशंभर को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की गोलीबारी में दोनों घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. बयान के मुताबिक पुलिस की अन्य टीम मौके से फरार हुए अनीश की तलाश शुरू की और कुछ घंटों के बाद उसे पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में घेर लिया.

एसटीएफ ने बताया कि पुलिस टीम ने अनीश को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं. पुलिस की ओर से जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया. तीनों अपराधियों के खिलाफ अयोध्या के विभिन्न पुलिस थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. अनीश के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, नाबालिग संग दुष्कर्म समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. बयान के मुताबिक ये अपराधी रेलगाड़ियों में यात्रा के दौरान आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते थे.

बयान के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे अनीश के साथ रेलगाड़ियों में अपराध करते थे. महिला आरक्षी को कोच में अकेला पाकर उस पर हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. जब ट्रेन अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो आरोपी ट्रेन से उतर गए.

महिला आरक्षी को 30 अगस्त को सरयू एक्सप्रेस के एक डिब्बे में “खून से लथपथ” पाया गया था और उसके चेहरे पर चोटों के कई निशान थे. बाद में उसे लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है. घटना के संबंध में उसी दिन राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), अयोध्या में मामला दर्ज किया गया था.

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश प्रीतिंकर दिवाकर द्वारा घटना का स्वत: संज्ञान लेने के बाद मामले में आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का जिम्मा स्थानीय पुलिस और जीआरपी के साथ विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को सौंपा गया था.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने योगी आदित्यनाथ की सरकार के छह वर्षों में 183 कथित अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2017 के बाद से राज्य में 10,900 से अधिक पुलिस मुठभेड़ हुई और इन मुठभेड़ों में 23,300 कथित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 5,046 घायल हुए. इन मुठभेड़ों में 1,443 पुलिसकर्मी घायल हुए और 13 अन्य मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu